Hapur News:एयरपोर्ट से महंगे गहने व आईफोन का पार्सल छुड़ाने का झांसा देकर महिला से 14.58 लाख रुपये ठगे – A Woman Was Swindled Out Of Rs 14.58 Lakh By Someone Who Promised To Help Her Retrieve A Parcel Containing Expensive Jewellery And An Iphone From The Airport
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव दादरी निवासी संगीता रानी से एयरपोर्ट से महंगे गहने व आईफोन छुड़ाने का झांसा देकर साइबर ठग ने 14.34 लाख रुपये की ठगी कर ली। इंस्टाग्राम के माध्यम से साइबर ठग ने महिला से दोस्ती की थी। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने महिला की तहरीर पर साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
संगीता रानी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि एक महीने पहले इंस्टाग्राम पर उनकी दोस्ती अमन नाम की आईडी चलाने वाले युवक से हुई थी। बातचीत करते समय युवक ने उन्हें कनाडा से महंगे सोने-चांदी के गहने व आईफोन भेजने का लालच दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने दो अन्य मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे बात करनी शुरू कर दी। आरोपी ने बातें करते-करते उन्हें अपने झांसे में ले लिया।
इसके बाद आरोपी ने उन्हें बताया कि पार्सल एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया है। पार्सल छुड़ाने की एवज में अधिकारी 14.34 लाख रुपये मांगने की उससे बात कह रहे हैं। इसके बाद आरोपी ने झांसे में लेकर उनसे यूपीआई के माध्यम से छह लाख 64 हजार रुपये जमा कर लिए। इतना ही नहीं आरोपी ने सात लाख 94 हजार नौ सौ रुपये और अपने खाते में जमा कर लिए। इसके बाद भी पार्सल उनके घर नहीं पहुंचा। आरोपी लगातार उनसे रुपये की मांग करता रहा। बार-बार आरोपी के रुपये की मांग करने से उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि महिला की तहरीर पर साइबर ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल नंबरों के माध्यम से साइबर पुलिस साइबर ठग का पता लगा रही है।
