शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हरदोई

Hardoi News:शराब की दुकान पर धावा बोलकर 45 पेटियां तोड़ीं, पांच पेटी बीयर भी की नष्ट – Raided A Liquor Shop, Smashed 45 Crates, And Destroyed Five Crates Of Beer As Well

November 11, 2026


हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के जूरा गांव में देशी शराब की फुटकर दुकान पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि महिलाओं और पुरुषों की भीड़ ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 45 पेटी देशी शराब और पांच पेटी बीयर नष्ट कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है।

दुकान के लाइसेंस धारक की शिकायत के अनुसार, आठ नवंबर की दोपहर बबलू शुक्ला उर्फ अनिल शुक्ला समेत आठ नामजद आरोपी और 10 से 15 अज्ञात लोग लाठी-डंडे लेकर दुकान पर पहुंचे। गाली-गलौज शुरू होने पर दुकानदार ताला बंद कर वहां से भाग निकला। इसके बाद आरोपियों ने ताला तोड़कर शराब की पेटियां बाहर निकालकर नष्ट कर दीं। कुछ शराब चोरी करने और दुकान दोबारा न खोलने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने सोमवार देर रात छह महिलाओं और दो पुरुषों समेत आठ नामजद और 10-15 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X