Hardoi News:संदिग्ध हालात में अधेड़ की मौत, हत्या का आरोप – Middle-aged Man Dies Under Suspicious Circumstances; Murder Alleged
संवाद न्यूज एजेंसी
हरियावां। थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में संदिग्ध हालात में अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की बहू ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है। देवरिया निवासी जागेश्वर (46) खेती करते थे। उनकी बहू उपासना ने बताया कि उसके दो देवर आशाराम और अवधेश मूकबधिर हैं। दोनों देवरों का विवाद गांव निवासी तीन लोगों से हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद के कारण गांव निवासी तीन लोग जागेश्वर को अपने साथ ले गए थे। उन्हें शराब पिलाकर पिटाई की। इसका पता चलने पर परिजन खेत पहुंचे और खेत में घायल पड़े जागेश्वर को उपचार के लिए सीएचसी ले गए। सीएचसी में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़कर मौत होने की बात पता चली है। परिजनों ने पिटाई किए जाने की जानकारी दी है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
