Hisar News:पहले जिलास्तरीय युवा महोत्सव के लिए तैयारियां जोरों पर – Preparations For The First District Level Youth Festival In Full Swing
हांसी। जिले में पहली बार जिलास्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 19 और 20 नवंबर को एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर सीटीएम हिमांशु चौहान ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और समय रहते जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
सीटीएम ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देना तथा कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना है। इसका शुभारंभ विधायक विनोद भयाना करेंगे जबकि समापन समारोह में उपायुक्त राहुल नरवाल मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
चौहान ने अधिकारियों को प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ प्रतिभागियों की सुविधा, बैठने, पेयजल, साफ-सफाई और सभागार की अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाकर महोत्सव में भाग लेने की अपील की।
16 नवंबर तक माय भारत पोर्टल पर करा सकेंगे पंजीकरण :
महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। जिले के पात्र युवा 16 नवंबर तक माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रतियोगिताओं में लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, हिंदी एवं अंग्रेजी कविता लेखन और वाद्य यंत्रों से संबंधित विधाएं शामिल होंगी।सीटीएम ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 4100 रुपये, द्वितीय को 3100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
