Hisar News:भैंस पालन से ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ करने के गुर सिखाए, 15 युवाओं ने लिया प्रशिक्षण – Taught Tricks To Strengthen Rural Livelihood Through Buffalo Rearing, 15 Youth Took Training
केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। ग्रामीण युवाओं को वैज्ञानिक तरीके से भैंस पालन कर इसे लाभकारी उद्यम के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान की ओर से आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ।
संस्थान के निदेशक डॉ. टीके भट्टाचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में 15 ग्रामीण युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का विषय भैंस पालन के माध्यम से ग्रामीण आजीविका का सुदृढ़ीकरण रहा।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को लाभकारी उद्यमिता और सतत आजीविका के अवसरों की जानकारी दी गई। इसके अलावा भारत की प्रमुख दुधारू भैंस नस्लों की पहचान, पशुओं के चयन एवं खरीद के समय बरती जाने वाली सावधानियों, संतुलित आहार, वैज्ञानिक पोषण प्रबंधन और खनिज मिश्रण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। वैज्ञानिक तरीके से भैंसों के आवास एवं शेड प्रबंधन की जानकारी भी दी गई।
पशु स्वास्थ्य एवं स्वच्छ दुग्ध उत्पादन विषय के तहत भैंसों के प्रमुख रोगों के निदान एवं उपचार, रोगों की शीघ्र पहचान और नियंत्रण में जैव प्रौद्योगिकी के उपयोग के बारे में बताया गया। इसके साथ ही थनैला रोग की रोकथाम, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन और पशुजन्य रोगों के नियंत्रण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। इस अवसर पर प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. एनके पांडेय एवं सह-समन्वयक डॉ. सविता नांदल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
