Jalandhar News:पिस्टल के बल पर युवक का अपहरण, समाजसेवियों ने छुड़ाया – Youth Abducted At Gunpoint; Rescued By Social Activists
जलालाबाद। शहर के रामलीला चौक के पास रविवार रात एक युवक को पिस्टल के बल पर थार गाड़ी में अगवा कर लिया गया। समाजसेवी जत्थेबंदी के सदस्यों ने गाड़ी को घेरकर अपहृत युवक को सुरक्षित छुड़वा लिया। इस दौरान थार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी रमन से एक अवैध पिस्टल बरामद की है। उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। सरकार-ए-खालसा जत्थेबंदी के सेवादार सुखचैन सिंह रिंकू खालसा ने बताया कि उन्हें फोन पर अपहरण की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वह अपने साथियों के साथ रामलीला चौक पहुंचे। उन्होंने थार को रोककर युवक को बचाया। सिटी थाना प्रभारी मोहित धवन ने बताया कि रमन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़ित संदीप ने बताया कि उसे जबरदस्ती गांव पीरे के से गाड़ी में बैठाकर लाया गया था। उसके चचेरे भाई के अनुसार, थार चालक का आईफोन चोरी हो गया था। इसी शक में संदीप को अगवा किया गया था। घटना का पता चलने पर संदीप का चचेरा भाई बाइक से थार का पीछा करते हुए जलालाबाद पहुंचा था।
