Jind News:युवा महोत्सव में विद्यार्थियों ने बिखेरे कला और संस्कृति के रंग – Students Showcased The Vibrant Colors Of Art And Culture At The Youth Festival
जींद। प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को नरवाना जोन के युवा महोत्सव ”उमंग” का रंगारंग आगाज हुआ। महोत्सव के पहले दिन तीन मंचों पर लोकनृत्य, गायन, संगीत, नाटक और शास्त्रीय कलाओं की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नरवाना जोन के विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. रामपाल सैनी मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में सेन भगत राजकीय महाविद्यालय जींद के प्राचार्य, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी सत्यवान मलिक और डीवाईसीए संयोजक अनिल सैनी शामिल रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य रणधीर खटकड़ और शैक्षणिक परिषद के सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। मां सरस्वती की आराधना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. विशाल रेढू, अनिता, मनोज सिवाच, पुष्पा, निशा, दीपक और रविंद्र ने किया। आयोजन में ऑर्गेनाइजिंग सचिव डॉ. रवि कुमार, ओवरऑल इंचार्ज डॉ. राजेश बूरा, डॉ. विक्रम ढांडा, प्रो. सुनीता दुग्गल, विकास लाठर, राजकमल और नरेंद्र कुमार मौजूद रहे।
सांस्कृतिक विरासत को भी संजोकर रखने का किया आह्वान
मुख्य अतिथि प्रो. रामपाल सैनी ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को मंच प्रदान करते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। उन्होंने युवाओं से आधुनिकता और तकनीकी विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी संजोकर रखने का आह्वान किया। महोत्सव में एसडी महिला महाविद्यालय नरवाना, केएम राजकीय महाविद्यालय नरवाना, राजीव गांधी महाविद्यालय उचाना सहित विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
तीन मंचों पर दिखा कला और संस्कृति का रंग
पहले मंच पर ग्रुप डांस जनरल, कोरियोग्राफी, सोलो डांस और हरियाणवी पुरुष एवं महिला नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। शाम के सत्र में रसिया ग्रुप डांस, संस्कृत ड्रामा और क्लासिकल सोलो डांस ने समा बांधा। दूसरे मंच पर क्लासिकल वोकल सोलो, लाइट वोकल इंडियन, क्लासिकल इंस्ट्रूमेंट सोलो, इंडियन ऑर्केस्ट्रा, हरियाणवी ग्रुप सॉन्ग, हरियाणवी गजल और फोक सांग की प्रतियोगिताएं हुईं। तीसरे मंच पर प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महाविद्यालय जींद और एसडी महिला महाविद्यालय नरवाना की टीमों ने सांग विधा की प्रस्तुति दी।

फोटो 18जेएनडी21-प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महाविद्यालय में आयोजित युवा महोत्सव में नृत्य
