रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कैथल

Kaithal News:पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड पर लिया 1.20 लाख का ऋण नहीं चुकाया, अब देने होंगे 1.90 लाख रुपये – Loan Of Rs 1.20 Lakh Taken On Livestock Farmer Credit Card Defaulted, Will Now Pay Rs 1.90 Lakh

November 21, 2026


कैथल। पशुपालन के लिए बैंक से लिया गया ऋण नहीं चुकाना गांव पाई निवासी कृष्ण कुमार को भारी पड़ गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की पाई शाखा की ओर से दायर वसूली के मामले में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) माधव मित्तल की अदालत ने ऋणी के खिलाफ एकतरफा फैसला सुनाया है। अदालत ने कृष्ण कुमार को बैंक की 1 लाख 90 हजार 46 रुपये की बकाया राशि चुकाने के आदेश दिए हैं। साथ ही इस राशि पर 11.95 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा।

अदालत ने भुगतान के लिए तीन महीने का समय दिया है। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं कराने पर बैंक कानूनी प्रक्रिया के तहत वसूली कर सकेगा। बैंक की ओर से अदालत में दायर याचिका के अनुसार, गांव पाई निवासी कृष्ण कुमार ने 22 दिसंबर 2021 को एसबीआई की पाई शाखा से पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड (पीकेसीसी) योजना के तहत 1 लाख 20 हजार रुपये का ऋण लिया था। बैंक ने ऋण स्वीकृत करने के बाद उसके खाते में राशि जमा कर दी थी। इसके लिए कृष्ण कुमार ने ऋण संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए थे। समझौते के अनुसार उसे रबी और खरीफ की फसल के समय ऋण का भुगतान करना था। बैंक ने शुरुआत में ब्याज दर 10.25 प्रतिशत वार्षिक निर्धारित की थी, जो बेस रेट और एमसीएलआर में बदलाव के अनुसार परिवर्तित होनी थी। वर्तमान में यह दर 11.95 प्रतिशत वार्षिक थी।

—————–

कई बार मांगने पर भी नहीं लौटाई ऋण की राशि

बैंक के अनुसार कृष्ण कुमार ने निर्धारित समय पर ऋण की किस्तें जमा नहीं करवाईं। बैंक की ओर से कई बार भुगतान के लिए कहने के बावजूद उसने बकाया राशि नहीं लौटाई। इसके बाद 9 अप्रैल 2026 को कानूनी नोटिस भेजकर पूरी रकम जमा करवाने की मांग की गई। नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं होने पर बैंक ने अदालत में वसूली का केस दायर कर दिया। बैंक ने याचिका में बताया कि ब्याज और अन्य देय राशि सहित ऋण खाते में कुल 1 लाख 90 हजार 46 रुपये बकाया हैं।

———

अदालत में पेश नहीं हुआ ऋणी, बैंक ने रखे दस्तावेज

सुनवाई के दौरान प्रतिवादी कृष्ण कुमार अदालत में पेश नहीं हुआ। इस पर 22 जुलाई 2026 को अदालत ने उसके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई शुरू कर दी। बैंक की ओर से उप शाखा प्रबंधक गौरव ने गवाही देते हुए बकाया राशि और ऋण नहीं चुकाने संबंधी तथ्यों की पुष्टि की। बैंक ने ऋण आवेदन, स्वीकृति पत्र, हाइपोथिकेशन एग्रीमेंट, ऋण समझौता, रिवाइवल लेटर, खाते का विवरण और कानूनी नोटिस सहित अन्य दस्तावेज भी पेश किए। प्रतिवादी की ओर से न तो कोई जवाब दाखिल किया गया और न ही बैंक के साक्ष्यों को चुनौती दी गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X