शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कांगड़ा

Kangra News:आयुर्वेद और पंचकर्म के प्रति लोगों का रुझान बढ़ाने के लिए विभाग ने की पहलगांव-गांव पहुंचेगा आयुर्वेद, लगेंगे जागरूकता शिविर – Department Takes Initiative To Increase Public Interest In Ayurveda And Panchakarma

November 3, 2026


धर्मशाला। प्रदेश में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने के लिए आयुर्वेद विभाग पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करेगा। इसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं। शिविरों के माध्यम से लोगों को आयुर्वेद की उपचार पद्धतियों, पंचकर्म के लाभों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत करवाया जाएगा।

आयुर्वेद विभाग धर्मशाला के उपनिदेशक डॉ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि पंचायतों की बैठकों के दौरान भी चिकित्सा अधिकारी लोगों को आयुर्वेद के महत्व और उपलब्ध उपचार सुविधाओं की जानकारी देंगे।

शिविरों में आयुर्वेद की विभिन्न उपचार पद्धतियों, जीवनशैली में सुधार और योग की उपयोगिता पर भी जानकारी दी जाएगी। पंचकर्म के लाभों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेदिक उपचार सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।

प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत योगाचार्य और योग प्रशिक्षक स्कूलों, पंचायतों तथा महिला मंडलों को योग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिल रही है।

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पंचकर्म की छोटी-छोटी उपचारात्मक प्रक्रियाएं भी की जा रही हैं। विभाग इन केंद्रों और आरोग्य मंदिरों को और सुदृढ़ करने की दिशा में प्रयासरत है। आयुर्वेद केवल बीमारियों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य संरक्षण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

डॉ. प्रवीण शर्मा के अनुसार विभाग ग्रामीण क्षेत्रों के साथ जिला अस्पतालों और उपमंडल स्तर पर स्थित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य संस्थानों को भी सुदृढ़ करेगा। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता में सुधार करना है, ताकि लोगों को आयुर्वेदिक उपचार के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X