Kangra News:चार ठेकों में बिना पास 510 पेटियां देसी शराब की पकड़ीं – 510 Cases Of Country Liquor Without Permits Seized From Four Liquor Shops
धर्मशाला। आबकारी विभाग ने जिले में अवैध रूप से शराब की बिक्री और बिना आबकारी पास के शराब रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। देहरा-कालोहा क्षेत्र में मंगलवार को ढाबों और चिकन कॉर्नरों की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। वहीं, चार खुदरा शराब ठेकों से भी बिना आबकारी पास का स्टॉक पकड़ा गया। देहरा-कालोहा क्षेत्र में जांच के दौरान टीम ने 62 पेटियां और 61 पिंट आईएमएफएल (अंग्रेजी शराब) तथा 24 पेटियां वीआरवी संतरा जब्त कीं। मुही, परागपुर स्थित एक रेस्टोरेंट के मालिक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 39 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
इसके अलावा सोमवार को शाम छह से रात नौ बजे तक खुदरा शराब ठेकों का निरीक्षण किया गया। चार ठेकों से बिना आबकारी पास के 510 पेटियां देसी शराब बरामद हुईं। इनमें 464 पेटियां वीआरवी संतरा और 46 पेटियां ऊना नंबर-1 शामिल हैं। जांच के दौरान बोतलों पर लगे होलोग्राम स्कैन करने पर पता चला कि शराब मेसर्स मोहित ढल वाइन एजेंसी से जारी की गई थी, जबकि यह एजेंसी जिला कांगड़ा में पंजीकृत एल-13 नहीं है। इस मामले में संबंधित चारों ठेकों के खिलाफ धारा 43 के तहत कार्रवाई की गई। अभियान में सहायक आबकारी आयुक्त रविंद्र सिंह, विनोद कुमार, एएसटीईओ रिशिका ठाकुर, अमन चड्ढा सहित विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।
