Kannauj News:उर्वरक वितरण में गड़बड़ी पर सचिव को हटाया – Secretary Removed Over Irregularities In Fertilizer Distribution
कन्नौज। विकास खंड गुगरापुर के बी-पैक्स चांदापुर में उर्वरक वितरण में अनियमितता प्रकाश में आने पर सहकारिता विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। सचिव हाकिम सिंह को हटाकर उनके स्थान पर बी-पैक्स अकबरपुर के सचिव राज किशोर को चांदापुर का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है। वहीं, बी-पैक्स का चार्ज बी-पैक्स अगौस के सचिव हरनाथ सिंह को दिया गया है। हाकिम सिंह को बी-पैक्स बलनपुर से संबद्ध किया गया है।
एआर कोऑपरेटिव उदय शंकर की ओर से जारी नोटिस में बताया गया कि चांदापुर में उर्वरक वितरण में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। जांच में अनियमितता मिलने पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अन्य पैक्सों की भी जांच कराई जा रही है। गड़बड़ी मिलेगी तो सख्त कार्रवाई होगी। बताया कि जिले में उर्वरक की कोई कमी नहीं है।
सहकारिता विभाग के सभी संचालित उर्वरक बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया और फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध है। वर्तमान में 234.600 मीट्रिक टन यूरिया, 464.300 मीट्रिक टन डीएपी और 817.300 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। रबी सीजन में डीएपी की मांग के सापेक्ष दो गुना डीएपी की मांग की गई है, ताकि बोआई के समय किसानों को परेशानी न हो। उन्होंने किसानों से अपील की कि वह अधिकृत केंद्रों से ही निर्धारित दर पर उर्वरक लें। अधिक दाम मांगने या कालाबाजारी की सूचना विभाग को दें।
कालाबाजारी पर लगेगी लगाम
सहकारिता विभाग ने कहा कि उर्वरक की कालाबाजारी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर स्टॉक बोर्ड लगाना अनिवार्य है। औचक निरीक्षण भी किए जाएंगे। किसानों को पक्की रसीद लेना चाहिए, ताकि गड़बड़ी होने पर शिकायत की जा सके।
