Karnal News:अनाज मंडियों में 1509 किस्म के धान की आवक जारी, 1718 के भाव 4800 रुपये पार – Arrivals Of The 1509 Variety Of Paddy Continue In Grain Markets; Prices For The 1718 Variety Cross Rs 4,800
करनाल। अनाज मंडियों में बासमती धान की आवक लगातार जारी है। इस बार 1509 किस्म के धान के भाव में तेजी आने की उम्मीद के कारण कई किसानों ने फसल रोक रखी थी। अब मंडियों में 1509 की आवक जारी है और किसानों को इसके अच्छे भाव मिलने की उम्मीद है।
वहीं, 1718 किस्म के धान के भाव 4800 रुपये प्रति क्विंटल के पार पहुंचने से किसानों में खुशी है। धान की 1718 किस्म 1121 की वेरायटी में आती है, इसलिए इसके दामों में उछाल देखने को मिल रहा है। 1509 धान के भाव 4500 रुपये प्रति क्विंटल से ऊपर बने हुए हैं। किसान दिलेर सिंह, पींदर, लखविंद्र आदि ने बताया कि इस बार शुरुआत में भाव को लेकर असमंजस बना हुआ था। इसी कारण कई किसानों ने जल्दबाजी में फसल बेचने के बजाय बाजार की स्थिति पर नजर रखी। उन्हें उम्मीद थी कि आवक बढ़ने और खरीदारी का रुझान स्पष्ट होने के साथ भाव में सुधार होगा।
दूसरी ओर, 1718 किस्म के धान की मांग और अच्छे दाम मिलने से किसानों का रुझान इस किस्म की ओर बढ़ा है। 4800 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक भाव मिलने को किसान बेहतर संकेत मान रहे हैं। किसान रामकुमार, पवन, सूबे सिंह का कहना है कि उत्पादन लागत और खेती पर बढ़ते खर्च को देखते हुए अच्छे भाव मिलना जरूरी है।
आवक और बढ़ने की संभावना
मंडी कारोबारी नरेश, नरेंद्र, सुशील के अनुसार बासमती धान की विभिन्न किस्मों की आवक आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में किसानों की नजर अब बाजार के भाव पर टिकी है। उन्हें उम्मीद है कि मांग बनी रहने पर 1509 और अन्य बासमती किस्मों के दाम में भी सुधार हो सकता है।
मंडियों में 6.76 लाख एमटी धान पहुंचा
मंडी सचिव विकास गुप्ता ने बताया कि जिले की अनाज मंडियों में वीरवार तक 6.76 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हुई। इसमें से सरकारी खरीद एजेंसियों ने 5.70 लाख एमटी की खरीद कर ली। वहीं, 4.78 लाख एमटी धान का उठान कर लिया गया। अब मंडियों में 91,294 मीट्रिक धान उठान के इंतजार में पड़ा है। इसके साथ ही किसानों को 1111.58 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
