Karnal News:करनाल से बाइक चोरी कर बरेली में की थी फायरिंग – Stole A Bike From Karnal And Opened Fire In Bareilly
करनाल। करनाल से मोटरसाइकिल चोरी कर उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पेट्रोल पंप पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। थाना सेक्टर-32/33 के अंतर्गत सेक्टर-9 पुलिस चौकी की टीम ने मामले में शामिल दो आरोपियों को पंजाब के लालड़ू से गिरफ्तार किया है।
बरेली पुलिस की ओर से पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी निखिल को करनाल पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।
पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने बताया कि करनाल पुलिस चौकी सेक्टर-9 की टीम ने शंकर निवासी सैदपुर, कुरुक्षेत्र और उसेन उर्फ विशाल निवासी लालड़ू, पंजाब को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने करनाल और चंडीगढ़ से मोटरसाइकिल चोरी की थीं। चोरी की गई दोनों मोटरसाइकिलें बरेली के फरीदपुर क्षेत्र से बरामद की जा चुकी हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने करनाल और चंडीगढ़ से मोटरसाइकिल चोरी की थीं। इन्हीं में से एक बाइक लेकर आरोपी बरेली के फरीदपुर स्थित हरियाली पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। 26 अगस्त की रात की घटना है।
दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवक हरियाली पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। उन्होंने 1030 रुपये और 1340 रुपये का पेट्रोल भरवाया। भुगतान किए बिना भागने लगे तो पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने हवाई फायरिंग कर दी। पेट्रोल पंप के गार्ड जयपाल सिंह ने भी अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर किए। ब्यूरो
