Karnal News:सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में गिरी कार, चालक को बचाया – Car Falls Into A Water-filled Ditch By The Roadside; Driver Rescued
करनाल/इंद्री। गढ़ी बीरबल-लबकरी रोड पर लबकरी मोड़ के पास शुक्रवार रात सड़क किनारे पानी से भरे गहरी गड्ढे में कार गिर गई। सामने से आ रहे ट्रक को रास्ता देने के लिए गाड़ी साइड में करते समय हादसा हुआ। कार में गढ़ी बीरबल निवासी प्रिंस सवार थे। कार का शीशा खुला था और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए प्रिंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रिंस ने बताया कि वह रात को अपनी कार से गांव गढ़ी बीरबल की ओर जा रहे थे। लबकरी मोड़ के पास सामने से ट्रक आता दिखाई दिया। उसे रास्ता देने के लिए उन्होंने कार सड़क किनारे की, तभी कार पानी से भरी गहरी गड्ढे में उतर गई।
ग्रामीण सतीश, शेरसिंह, अमन और जागीर सिंह के अनुसार, गड्ढे में काफी समय से पानी भरा हुआ है। पानी भरने से अब सड़क और गड्ढे का स्तर लगभग एक जैसा हो चुका है। रात के अंधेरे में वाहन चालकों को सड़क की सीमा का अंदाजा नहीं लगता। सामने से बड़ा वाहन आने पर साइड देने की स्थिति में यह जगह और खतरनाक हो जाती है।
नेवल-घीड़-गढ़ी बीरबल रोड के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए हरियाणा सरकार ने 71.40 करोड़ रुपये की संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। – रामकुमार कश्यप, विधायक, इंद्री
गड्ढों के कारण हादसे
22 अक्तूबर को सिंघड़ा गांव में गंदगी से अंटे जोहड़ में डूबने से दो वर्षीय एकांश की जान चली गई।
16 अक्तूबर को फाजिलपुर में देव अपने भाइयों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह खेत में बारिश का पानी निकालने के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गया। गड्ढा पानी से भरा था और उसकी गहराई करीब 12 फीट थी।
12 अगस्त को काछवा-बहलोलपुर रोड पर सड़क की खराब हालत और गड्ढे के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ा। हादसे में अबरार, खालिद और फजरू की मौत।
21 मार्च 2026 को तरावड़ी एनएच-44 पर खुले नाले में बाइक सवार दो युवक गिर गए, जिनमें से एक की मौत हो गई। उस समय कोहंड से समानाबाहू तक 150 से अधिक स्थानों पर नाले खुले मिले थे।
दिसंबर 2025 में नीलोखेड़ी के वार्ड-1 निवासी 60 वर्षीय अमरजीत की निर्माणाधीन खुले नाले में गिरने से मौत। नाले पर कई जगह स्लैब नहीं थे।
अक्तूबर 2025 को नलीकलां-कुंजपुरा सड़क पर गड्ढे में बाइक जाने से संतुलन बिगड़ा। चौरा निवासी विनोद की मौत हुई, जबकि प्रवीन गंभीर रूप से घायल हुआ।
12 दिसंबर 2025 को एनएच-44, झिलमिल ढाबे के पास सड़क के गड्ढे में बाइक का टायर फंसने से नई दिल्ली निवासी राजीव गिर गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।

इंद्री खस्ताहाल गढ़ीबीरबल रोड। संवाद
