करनाल/घरौंडा। रायपुर जाटान रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर से 19 वर्षीय देव श्योराण की मौत के मामले में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन और ग्रामीण सोमवार को घरौंडा थाने पहुंच गए। प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी दीपक कुमार और जांच अधिकारी राजेश से अब तक की कार्रवाई का जवाब मांगा। पूछा कि हादसे के दस दिन बाद भी आरोपी ट्रैक्टर चालक को क्यों नहीं गिरफ्तार किया गया है। ग्रामीणों ने दो दिन में गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मूनक ब्लॉक समिति चेयरमैन जितेंद्र संधू, ग्रामीण जगदीप सिंह औलख, गुरनाम सिंह ने बताया कि 24 अक्तूबर को रायपुर जाटान निवासी देव श्योराण बाइक पर अपनी बहन को लेने घरौंडा आ रहा था। रायपुर जाटान रोड पर ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल देव को घरौंडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उन्होंने खुद पुलिस को उपलब्ध करवाई लेकिन इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
ग्रामीणों ने पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने और उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया।