Kasganj News:खेत में पानी लगाने पर हुए विवाद, डेयरी संचालक को पीटा – Dispute Over Field Irrigation; Dairy Operator Beaten
कासगंज। सोरोंजी थाना क्षेत्र के गांव पचलाना में खेत में पानी लगाने की बारी पर हुए विवाद में एक दूध की डेयरी संचालक के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव पचलाना निवासी नेम सिंह पुत्र रोहन सिंह की गांव में ही दूध की डेयरी है। पीड़ित की शिकायत के अनुसार, घटना 6 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे की है। गांव का ही रहने वाला जगदीश उनकी डेयरी पर आया और कहने लगा कि आज उनके खेत में पानी लगेगा।
इस पर उन्होंने नंबर आने पर पानी लगवाने की बात कही जिससे जगदीश नाराज हो गया। गालियां देते हुए सबमर्सिबल की पाइपलाइन उखाड़कर फेंकने को कहने लगा।
इसके बाद जगदीश ने फोन करके अपने अन्य साथियों मुकेश, हरिओम और संजय को बुला लिया। सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट की जिससे नेम सिंह के बाएं कूल्हे में फ्रैक्चर हो गया।
मौके पर मौजूद गांव के ही मोहित, आकाश और अन्य लोगों ने बीचबचाव कर किसी तरह उनकी जान बचाई। लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
सीओ आंचल चौहान ने बताया कि खेत में पानी लगाने के लिए विवाद हो गया था। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।
