मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुल्लू

Kullu News:एक पेड़ ने बचा लीं 12 जिंदगियां, नदी में गिरने से बचा वाहन – A Tree Saved 12 Lives; Prevented A Vehicle From Falling Into The River

November 17, 2026


कुल्लू। अपनों के साथ पहाड़ों की खूबसूरती निहारने निकले 12 लोगों के लिए सरसाड़ी में एक पेड़ जिंदगी का सहारा बन गया। कुल्लू-भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर पर्यटकों से भरा एक ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे लुढ़क गया। गहरी ढलान के बाद पार्वती नदी के ठीक ऊपर एक पेड़ ने वाहन को थाम लिया।

अगर पेड़ वाहन को नहीं रोकता तो ट्रैवलर सीधे उफनती पार्वती नदी में जा गिरता। कुछ पलों के इस हादसे में तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ सकती थीं। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी 12 लोगों की जान बच गई। हादसे में हरियाणा निवासी चालक और ओडिशा के भुवनेश्वर के दो परिवारों के 11 सदस्य घायल हुए हैं।

पर्यटक सोमवार सुबह मनाली की वादियों में घूमने के बाद कसोल के लिए निकले थे। अपराह्न ढाई बजे सरसाड़ी के पास मणिकर्ण की ओर से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रैवलर चालक नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे लुढ़कता चला गया और करीब 20 मीटर नीचे एक पेड़ में अटक गया।

पार्वती नदी के ऊपर पेड़ के सहारे लटके ट्रैवलर को देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पेड़ का सहारा न मिलता तो यह सफर कई जिंदगियों का आखिरी सफर बन सकता था। पर्यटक रंजन कुमार जैना ने बताया कि वह परिवार और रिश्तेदारों के साथ कुल्लू-मनाली घूमने आए थे। उनके साथ पत्नी, साली, साढ़ू भाई, दो जमाई, एक पोता, दो भतीजियां और अन्य परिजन थे। दोनों परिवार भुवनेश्वर के रहने वाले हैं।

मनाली घूमने के बाद सभी कसोल जा रहे थे। रंजन कुमार ने बताया कि सामने से आ रहे वाहन को बचाने के दौरान ट्रैवलर अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। इसके बाद वाहन पेड़ में अटक गया। पेड़ ने वाहन को नदी में गिरने से रोक लिया। यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद सभी की जान बच गई। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X