शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुल्लू

Kullu News:दिवाली की खुशियों में आग लगा गई चिंगारी – A Spark Set The Diwali Festivities Ablaze

November 9, 2026


नग्गर (कुल्लू)। दिवाली की रात घर में खुशियों के दीप जल रहे थे। पूजा-अर्चना के बाद परिवार त्योहार की खुशियां मना रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में यही रात उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन जाएगी। रात करीब एक बजे अचानक मकान की दूसरी मंजिल से आग की लपटें उठने लगीं।

जब तक परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते और आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक लपटें पूरे मकान में फैल चुकी थीं। देखते ही देखते वर्षों की मेहनत से बनाया आशियाना आग की भेंट चढ़ गया। गनीमत रही कि तीनों परिवारों के 12 सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई। आंखों के सामने जीवनभर की कमाई को राख होते देखने का दर्द उनके हिस्से रह गया।

नग्गर के अरछंडी गांव में हुए इस अग्निकांड में विपिनेंद्र, विक्रांत और उनकी बहन विनीता का अढ़ाई मंजिला मकान पूरी तरह जल गया। दोनों भाइयों ने मेहनत-मजदूरी कर अपने सपनों का आशियाना खड़ा किया था। मध्यवर्गीय परिवार होने के कारण उनकी अधिकांश जमा पूंजी मकान बनाने में ही खर्च हो गई थी। अब तीनों परिवारों के सामने सिर छिपाने और नए सिरे से जिंदगी शुरू करने की चुनौती खड़ी हो गई है।

फिलहाल तीनों परिवारों को दूसरे मकान के एक कमरे में गुजारा करना पड़ रहा है। परिवार के 12 सदस्यों के लिए एक मंजिल में रहना भी मुश्किल है। ऐसे में सर्दियों की दस्तक ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। जिस घर में बच्चों के बेहतर भविष्य और सुखद जिंदगी के सपने संजोए थे, आज उसी के जले हुए अवशेष उनके सामने हैं। दिवाली पर जहां हर घर रोशनी से जगमगा रहा था, वहीं अरछंडी के इन तीन परिवारों के हिस्से अंधेरा और बेबसी आ गई। त्योहार की रात उनके लिए ऐसी टीस छोड़ गई, जिसे भुला पाना आसान नहीं होगा। संवाद

000

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X