Kullu News:पुलिस भर्ती की पहली परीक्षा में 261 अभ्यर्थी पास – 261 Candidates Pass The First Examination For Police Recruitment
कुल्लू। जिले में पुलिस कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक मानक परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा वीरवार से पुलिस लाइन बाशिंग में शुरू हो गई। भर्ती के पहले दिन पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच और दक्षता परीक्षा ली गई। इसके लिए 1500 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन इनमें से 1138 ही परीक्षा देने पहुंचे।
362 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। शारीरिक परीक्षण में शामिल अभ्यर्थियों में से 847 निर्धारित मानकों और दक्षता के मापदंडों पर खरे नहीं उतर सके। इन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। वहीं, 291 अभ्यर्थियों ने दोनों परीक्षाएं उत्तीर्ण कर भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए जगह बनाई।
पहले दिन की परीक्षा में बुलाए गए कुल अभ्यर्थियों में से करीब 76 प्रतिशत ही उपस्थित हुए। वहीं, परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों में से महज 25.6 प्रतिशत ही शारीरिक परीक्षण पास कर सके।
आंकड़े बताते हैं कि भर्ती के पहले चरण में ही अभ्यर्थियों को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम और मापदंडों के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरी करवाई गई।
पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षण आगामी दिनों में भी जारी रहेंगे।
17 तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया, सीसीटीवी से की जा रही निगरानी : अभिषेक
जिले में पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया पुलिस लाइन बाशिंग में 17 नवंबर तक चलेगी। भर्ती प्रक्रिया में कुल 5,681 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। इनमें 3,798 पुरुष और 1,883 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस ने बताया कि भर्ती को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शारीरिक परीक्षणों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जा रही है। भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी और अनियमितता को रोकने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। छह दिनों तक चलने वाली इस प्रक्रिया में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षण किया जाएगा।
