Kullu News:दिवाली के जश्न में झुलस गए 19 लोग – 19 People Sustained Burns During Diwali Celebrations
कुल्लू। दिवाली की आतिशबाजी का उत्साह जिले के 19 लोगों को भारी पड़ गया। पटाखे जलाते समय निकली चिंगारियों से ये लोग झुलस गए। दिवाली के दौरान नग्गर और जरी स्वास्थ्य खंड में आतिशबाजी से झुलसने के मामले सामने आए। घायलों को उपचार के लिए विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में पहुंचाया गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी को समय पर उपचार उपलब्ध करवाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने त्योहार के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों और अन्य स्टाफ को अलर्ट पर रखा था।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नग्गर स्वास्थ्य खंड के तहत मनाली में पटाखों से झुलसने के छह मामले सामने आए। वहीं, जरी स्वास्थ्य खंड के तहत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में नौ लोग उपचार के लिए पहुंचे। इसके अलावा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी चार मामले दर्ज किए गए।
इस तरह जिले में आतिशबाजी के कारण कुल 19 लोग झुलसने का शिकार हुए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि दिवाली के दौरान पटाखों से झुलसने के 19 मामले सामने आए हैं। सभी घायलों को संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार उपलब्ध करवाया गया। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने के लिए विभाग की ओर से एडवाइजरी भी जारी की गई थी। उन्होंने बताया कि दिवाली के मद्देनजर अस्पतालों में आपातकालीन ओपीडी के अलावा चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया था। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सकों और स्टाफ को ऑन कॉल अस्पताल बुलाने की व्यवस्था भी की गई थी। जिले में कोई बड़ा हादसा सामने नहीं आया है, जो राहत की बात है। संवाद
