मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kushinagar News:करिह क्षमा छठी मइया, भूल-चूक गलती हमार… – Please Forgive Us, Chhathi Maiya, For Any Mistakes Or Errors We May Have Made
कुशीनगर

Kushinagar News:करिह क्षमा छठी मइया, भूल-चूक गलती हमार… – Please Forgive Us, Chhathi Maiya, For Any Mistakes Or Errors We May Have Made

November 17, 2026


Please forgive us, Chhathi Maiya, for any mistakes or errors we may have made...

पडरौना क्षेत्र के हरका घुरमल स्थित छठ घाट पर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देती वर्ती महिलाएं। संवाद

पडरौना। ‘पहिले-पहिले हम कइनी छठी मइया व्रत तोहार… करिह क्षमा छठी मइया, भूल-चूक गलती हमार…’ जैसे पारंपरिक लोकगीतों से सोमवार की भोर में छठ घाट गूंज उठे। छठ व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के मंगलमय जीवन की कामना की। इसी के साथ चार दिवसीय सूर्य उपासना का महापर्व छठ संपन्न हो गया। उदयाचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सोमवार की भोर से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। व्रती महिलाओं ने छठ वेदियों के पास बैठकर छठी मइया की पूजा-अर्चना की और सूर्यदेव के उदय होने की प्रतीक्षा करने लगीं। सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के कारण सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके, निर्धारित समय सुबह 6:24 बजे व्रतियों ने पुरोहितों की देखरेख में सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हुआ।

छठ घाटों पर पूजा-अर्चना के साथ बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया गया। श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी भी की। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए शहर सहित आसपास के छठ घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

सदर विधायक मनीष जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और नेता समर्थकों के साथ छठ घाटों पर पहुंचे। पडरौना नगर के शिवसागर पोखरा, सुराजी पोखरा, रामधाम पोखरा, अंबे चौक और बावली चौक स्थित पोखरों के घाटों पर भी बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया रामधाम पोखर घाट : पडरौना। शहर के राजदरबार स्थित रामधाम पोखर छठ घाट पर महापर्व के अवसर पर भव्य सजावट की गई। रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों से पूरा घाट जगमगा उठा। पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने छठ के पारंपरिक गीतों और भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।कार्यक्रम में गायक सुभाष सुहाना, अमित रजक और गायिकाओं पूजा तिवारी व काजल सिंह ने एक से बढ़कर एक छठ गीत प्रस्तुत किए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X