शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:धनतेरस-दीपावली पर तीन दिन बदली रहेगी यातायात व्यवस्था – Traffic Arrangements Will Be Altered For Three Days During Dhanteras And Diwali

November 4, 2026


पडरौना। धनतेरस और दिवाली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। छह से आठ नवंबर तक पडरौना और कसया कस्बे में रूट डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। दोनों कस्बों में सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक निर्धारित नो एंट्री पॉइंटों से भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

रामकोला, खड्डा, कसया, विशुनपुरा और बांसी की तरफ से आने वाले ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डीसीएम और अन्य बड़े व्यावसायिक वाहनों को पूर्व निर्धारित नो एंट्री पॉइंटों पर रोक दिया जाएगा। नौकाटोला, जलकल, बेलवाचुंगी, जटहां तिराहा और दुर्गा मंदिर रोड स्थित पीएनबी बैंक के पास से चारपहिया वाहन और ई-रिक्शा मुख्य बाजार की तरफ नहीं जा सकेंगे।

सुभाष चौक, अंबे चौक, रेलवे स्टेशन मोड़ और नौकाटोला रेलवे ढाला से पिकअप, डीसीएम, ट्रैक्टर समेत अन्य व्यावसायिक वाहनों को बाजार में प्रवेश नहीं मिलेगा। रामधाम पोखरा चौराहे से भी सुबह आठ से रात 11 बजे तक व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सवारी वाहन बावली चौक, सुभाष चौक, कठकुइयां मोड़, स्टेशन बाईपास, अंबे चौक और खिरकिया मार्ग से आवागमन करेंगे।

चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें उदित नारायण डिग्री कॉलेज के सामने खाली मैदान, सुभाष चौक के पास सोसाइटी का निर्धारित परिसर और सिंधुआ की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए ब्लॉक के पास पार्किंग स्थल शामिल हैं। बावली की तरफ से आने वाले वाहनों को नौकाटोला से बलुचहां की तरफ मोड़ा जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X