Kushinagar News:पुलिस मुठभेड़ में दो पशु तस्कर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली – Two Cattle Smugglers Arrested In Police Encounter; One Sustains A Gunshot Wound To The Leg
रामकोला (कुशीनगर)। रामकोला थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। धर्मसमधा मंदिर के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लग गई और उसके दूसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, बोलेरो, एक बछड़ा और नकदी बरामद की है।
एसपी केशव कुमार ने बताया कि दो नवंबर की रात पुलिस को आरटी सेट के माध्यम से सूचना मिली कि एक बोलेरो रगड़गंज बैरियर तोड़कर भाग रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी के लिए टीमें गठित कीं। रामकोला थाना पुलिस, पडरौना कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी और स्वाट टीम प्रभारी दीपक सिंह की संयुक्त टीम ने धर्मसमधा मंदिर के पास चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान सदरे आलम उर्फ छोटू निवासी वीर अब्दुल हमीद नगर, हरिहर छपरा, थाना कोतवाली पडरौना, कुशीनगर के रूप में हुई है।
वहीं, भागने की कोशिश कर रहे दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान अली खान निवासी वीर अब्दुल हमीद नगर, हरिहर छपरा के रूप में हुई है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बोलेरो, एक बछड़ा और 1856 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में रामकोला थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
