Lakhimpur Kheri News:तेंदुए की दहशत बरकरार, हमले में पालतू कुत्ता घायल – Leopard Terror Persists; Pet Dog Injured In An Attack
मझगईं। तिकोना फार्म क्षेत्र में तेंदुए का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। बीती रात तेंदुए ने एक झाले पर धावा बोलकर पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया, इसमें वह घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने घटनास्थल का मुआयना किया।
मझगई रेंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तिकोना फार्म स्थित मेजर सिंह के झाले पर बीती रात अचानक एक तेंदुआ आ पहुंचा। तेंदुए ने मेजर सिंह के पालतू कुत्ते पर हमला बोल दिया। कुत्ते के भौंकने और शोर सुनकर झाले पर मौजूद लोगों ने हिम्मत जुटाई और शोर मचाकर किसी तरह तेंदुए को वहां से खदेड़ा, जिससे कुत्ते की जान बच सकी। हालांकि तेंदुए के हमले में कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। मेजर सिंह ने तत्काल घटना की सूचना मझगई रेंज के अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पगचिह्नों की जांच कर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी। वनकर्मियों ने इलाके में गश्त भी बढ़ा दी है। गौरतलब है कि तेंदुए ने पिछले करीब दो माह से तिकोना फार्म में आतंक मचा रखा है। वह अब तक तीन कुत्तों और एक मवेशी को अपना शिकार बना चुका है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
बीती रात तेंदुए के हमले में एक कुत्ता घायल हुआ है। मौके पर टीम भेजकर निगरानी बढ़ा दी गई है और तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा।
अंकित सिंह, वन क्षेत्राधिकारी, मझगई
