Rewari News:हवा फिर हुई जहरीली, एक्यूआई 309 पर पहुंचा; रेड जोन में शहर – Air Turns Toxic Again, Aqi Reaches 309; City In The ‘red Zone’
रेवाड़ी। शहर की आबोहवा एक बार फिर बिगड़ने लगी है। शनिवार को अधिकतम एक्यूआई 309 दर्ज किए जाने के बाद शहर रेड जोन में पहुंच गया है। एक सप्ताह बाद प्रदूषण का स्तर फिर 300 के पार पहुंचा है। बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी के साथ आंखों और गले में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
तीन दिनों में वायु गुणवत्ता में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। शुक्रवार को एक्यूआई 212 दर्ज किया गया था, जबकि वीरवार को यह 240 था। वहीं, शनिवार को अधिकतम एक्यूआई 309 तक पहुंच गया। इससे पहले 21 नवंबर को भी अधिकतम एक्यूआई 305 दर्ज किया गया था।
एक सप्ताह के भीतर दोबारा प्रदूषण का स्तर 300 के पार पहुंचने से शहरवासियों की चिंता बढ़ गई है। 301-400 का स्तर बहुत खराब श्रेणी में आता है, जिससे लंबे समय तक संपर्क में रहने पर श्वसन संबंधी बीमारियां हो सकती हैं।
इस स्तर पर विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
शनिवार सुबह से ही शहर में धूप खिली रही। इसके बाद भी वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। मौसम के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके मुकाबले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दो दिसंबर तक सुबह धुंध छाए रहने के आसार
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। किसानों और आमजन को सुबह के समय धुंध को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 2 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा से हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने के कारण दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट आने के आसार हैं। सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध भी छा सकती है।
सुबह और शाम खुले में टहलने से बचें : डॉ. मनीष
फिजिशियन डॉक्टर मनीष कुमार ने कहा कि वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को सुबह और शाम के समय खुले में टहलने व व्यायाम करने से बचना चाहिए। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को घर से बाहर निकलने में सावधानी रखनी चाहिए। जरूरी होने पर अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनें। घर की खिड़की-दरवाजे बंद रखें और धूल जमा न होने दें। बाहर से आने के बाद हाथ-मुंह धोएं। आंखों में जलन, लगातार खांसी, गले में परेशानी या सांस लेने में दिक्कत होने पर चिकित्सक से परामर्श लें। बच्चों को प्रदूषण अधिक होने पर खुले मैदानों में खेलने से बचाएं। पर्याप्त पानी पीते रहें।
