शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Lakhimpur Kheri News:लोहन्ना गोआश्रय में मृत गोवंश को नोच गए सियार, सचिव निलंबित – Jackals Maul Dead Cattle At Lohanna Cow Shelter, Secretary Suspended
लखीमपुर-खीरी

Lakhimpur Kheri News:लोहन्ना गोआश्रय में मृत गोवंश को नोच गए सियार, सचिव निलंबित – Jackals Maul Dead Cattle At Lohanna Cow Shelter, Secretary Suspended

November 12, 2026


लखीमपुर खीरी/मितौली। मितौली ब्लॉक के तेंदुआ मजरा लोहन्ना गोआश्रय स्थल में गोवंशों की देखरेख में लापरवाही पर ग्राम विकास अधिकारी धर्मेंद्र बहादुर वर्मा को निलंबित कर दिया गया है। जांच में मृत गोवंश के शव को सियारों के नोचने, दो गोवंश के बीमार मिलने और 259 गोवंश के लिए हरे चारे की व्यवस्था नहीं होने की पुष्टि हुई।

बुधवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने भी गोआश्रय स्थल का निरीक्षण किया। वहां अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने सचिव और ग्राम प्रशासक को कड़ी फटकार लगाई।

सोशल मीडिया पर गोआश्रय स्थल में मृत गोवंश का शव मिलने की खबर सामने आने के बाद त्रिस्तरीय जांच समिति गठित की गई थी। जांच में तारबंदी दुरुस्त नहीं मिली, जिससे सियारों ने मृत गोवंश के शव को क्षति पहुंचाई थी। परिसर में कीचड़ और गंदगी मिली। गोवंशों को केवल सूखा भूसा खिलाया जा रहा था।

जिला विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने 10 नवंबर को ग्राम विकास अधिकारी के निलंबन का आदेश जारी किया। इसमें उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी माना गया है। आदेश के अनुसार, ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक बैठकों में सचिव को कई बार लिखित और मौखिक निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने अनदेखी की। निलंबन अवधि में धर्मेंद्र बहादुर वर्मा को फूलबेहड़ ब्लॉक से संबद्ध किया गया है। फूलबेहड़ बीडीओ को जांच अधिकारी नामित कर 15 दिन में आरोपपत्र और एक माह में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने निरीक्षण के दौरान गोआश्रय स्थल के एक हिस्से में जलभराव पाया। उन्होंने गोवंशों को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने तथा जलभराव वाले क्षेत्र में ग्राम निधि से मिट्टी का पटान कराने के निर्देश दिए। इस काम को प्राथमिकता से पूरा कराने और निगरानी की जिम्मेदारी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को सौंपी।

डीएम ने गोवंशों के भरण-पोषण, साफ-सफाई, रखरखाव और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी पड़ताल की। कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि गोवंशों की सुरक्षा, संरक्षण और देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मितौली संतदास पवार, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत के प्रशासक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X