शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Lakhimpur Kheri News:हरेंद्र की हत्या के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली – 24 Hours After Harendra’s Murder, Police Are Still Empty Handed
लखीमपुर-खीरी

Lakhimpur Kheri News:हरेंद्र की हत्या के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली – 24 Hours After Harendra’s Murder, Police Are Still Empty Handed

November 19, 2026


संपूर्णानगर। घोला गांव के निषादनगर में युवक हरेंद्र की गला रेतकर हत्या के बाद बुधवार को पोस्टमाॅर्टम के पश्चात शव घर लाया गया तो चीख-पुकार मच गई। मां छुआरा देवी, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

गमगीन माहौल में हरेंद्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, घटना के 24 घंटे से अधिक समय बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

मृतक के पिता पन्नालाल ने बताया कि गांव का युवक अक्सर उनके घर आता-जाता था। घटना वाली रात भी वह घर आया था। उसके पीछे बहू अनीता घर से निकली और कुछ देर बाद बेटा हरेंद्र भी उसके पीछे चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव मिलने की सूचना मिली। इसी घटनाक्रम के आधार पर परिजनों ने युवक पर हत्या में शामिल होने का संदेह जताते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने अभी उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।

हरेंद्र की मौत से परिवार के चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी करीब 14 वर्ष की है। बेटों की उम्र 12 और छह वर्ष, जबकि सबसे छोटी बेटी करीब तीन साल की है। हरेंद्र और उसकी पत्नी अनीता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। दोनों परिवार से अलग झोंपड़ीनुमा घर में रहते थे। पिता की हत्या और मां के पुलिस हिरासत में होने से बच्चों के भविष्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।

गांव में दहशत, पुलिस से जल्द खुलासे की उम्मीद

घटना से ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत है। प्रधान प्रतिनिधि जोगराज सिंह ने कहा कि यह पूरे गांव के लिए दुखद और चौंकाने वाली घटना है। गांव में इस तरह की वारदात पहले कभी नहीं हुई। उन्होंने पुलिस पर भरोसा जताते हुए जल्द खुलासे और न्याय मिलने की उम्मीद जताई।

उधर, मृतक की पत्नी अनीता 24 घंटे से अधिक समय से पुलिस हिरासत में है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

——————

घटना की जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी से पूछताछ जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

-अभिमन्यु त्रिपाठी, प्रभारी सीओ पलिया

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X