शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
शाहजहांपुर

Shahjahanpur News:छात्र की मौत के मामले में मां ने दो शिक्षकों पर लगाया पिटाई का आरोप – Mother Alleges Two Teachers Beat Her Child, Leading To His Death

November 20, 2026


कलान (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के ग्राम जखिया में कक्षा सात के छात्र अंकित की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बृहस्पतिवार को मां सरोजनी ने थाने में दो शिक्षकों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि स्कूल में देरी से पहुंचने पर दो शिक्षकों ने बेटे की पिटाई की, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अंकित की मंगलवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पोस्टमाॅर्टम की प्रक्रिया पूरी होने और बुधवार को अंतिम संस्कार के बाद बृहस्पतिवार को प्रभुदयाल की पत्नी सरोजनी ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। उनके मुताबिक, उनका बेटा अंकित लाला मथुरा प्रसाद संस्कृत विद्यालय में कक्षा सात में पढ़ता था। 17 नवंबर को वह घर से स्कूल पढ़ने गया था।

आरोप है कि वह स्कूल में थोड़ी देरी से पहुंचा था जिससे नाराज होकर दो शिक्षकों ने उसके साथ मारपीट की। इससे उसकी मौत हो गई। महिला ने बताया कि घटना के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यालय की छुट्टी कर दी। उन्हें फोन कर बेटे की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। जब वह स्कूल पहुंचीं तो बेटा मृत मिला। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ दीपक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X