Lakhimpur Kheri News:हवा चलते ही गुल हो जाती है बिजली, अब बदलेगी नौ किमी लाइन – Electricity Goes Off As Soon As The Wind Blows, Now Nine Km Line Will Be Replaced
बांकेगंज। गोला से बांकेगंज बिजली उपकेंद्र तक आई नौ किलोमीटर लंबी 33 केवी मेनलाइन के जर्जर तार बदले जाएंगे। इसके जीर्णोद्धार पर करीब 96 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
जर्जर तारों के कारण हल्की हवा चलते ही लाइन में फाल्ट आ जाता है और संसारपुर, ग्रंट नंबर तीन, खंजनपुर, बलारपुर, कुकरा समेत सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। इससे परेशान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक रोमी साहनी से मिलकर तार बदलवाने की मांग की थी। विधायक की पहल पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को लाइन में सुधार के निर्देश दिए।
गोला बिजली उपकेंद्र के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि लाइन सुधार के लिए सर्वे कराया जा चुका है। इसमें 55 नए बिजली खंभे लगाए जाएंगे और 27 ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी।
