शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
लुधियाना

Ludhiana News:सिटी मॉल ने फुटपाथ पर किया अवैध कब्जा, पुडा ने रोका निर्माण – City Mall Makes Illegal Encroachment On Footpath; Puda Halts Construction

November 3, 2026


माल के पार्टनर की तरफ से नहीं आया पक्ष – बार बार फोन करने पर भी नहीं उठाया

संवाद न्यूज एजेंसी

बठिंडा। जिला कचहरी रोड पर स्थित सिटी मॉल के बाहर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। मॉल प्रबंधन सार्वजनिक फुटपाथ और खुले स्थान पर ग्रिल व शटर लगा रहा था। पंजाब अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (पुडा) ने शिकायत के बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया है।

पुडा अधिकारियों ने मॉल प्रबंधन को कड़ा नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। यह जगह आम जनता की आवाजाही और पैदल चलने के लिए आरक्षित थी। सिटी मॉल जिला कचहरी के पास एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। यहां रोजाना हजारों लोग खरीदारी और कानूनी कार्यों के लिए आते हैं। मॉल के ग्राउंड फ्लोर के बाहरी हिस्से में नक्शे के अनुसार फुटपाथ छोड़ा गया था। आरोप है कि मॉल संचालक इस जगह को व्यावसायिक दायरे में शामिल करना चाहते थे। उन्होंने रातों-रात लोहे की ग्रिल और शटर लगाने का काम शुरू कर दिया। इसका उद्देश्य वहां स्थायी दुकानें या स्टॉल खड़े करना था। स्थानीय नागरिकों और वकीलों की शिकायत के बाद पुडा हरकत में आया।

पैदल राहगीरों के लिए संकट

जिला कचहरी मार्ग पहले से ही भारी यातायात दबाव झेलता है। कचहरी, मिनी सचिवालय और मॉल के कारण यहां दिनभर वाहनों की लंबी कतारें रहती हैं। फुटपाथ पर कब्जे से पैदल चलने वाले राहगीरों को मुख्य सड़क पर उतरना पड़ रहा था। इससे सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा था।

पुडा का सख्त रुख और चेतावनी

शिकायत मिलते ही पुडा के फील्ड अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। उन्होंने स्वीकृत भवन उपनियमों के उल्लंघन को सही पाया। पुडा प्रशासन ने तुरंत निर्माण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। नोटिस में अवैध ढांचे को तुरंत हटाने और निर्धारित समय में जवाब देने को कहा गया है। पुडा ने चेतावनी दी है कि तय समय में ढांचा न हटाने पर बुलडोजर चलेगा और नियमों के उल्लंघन पर पूर्णता प्रमाण पत्र भी रद हो सकता है। इस संबंधी जब सिटी माल के पार्टनर सुनील का पक्ष जानने के लिए उनको फोन किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X