Maharajganj News:एसएसबी जवान ने सर्विस राइफल से की खुदकुशी – The Soldier Was From Malhod, In The Aurangabad District Of Bihar
महराजगंज/खनुआ। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी के एक जवान ने सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना बीओपी खनुआ परिसर में देर रात करीब 1:40 बजे हुई। सूचना मिलते ही एसएसबी और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतक जवान की पहचान मंजीत कुमार (33) के रूप में हुई है। वह बिहार के औरंगाबाद जिले के मल्होड का रहने वाला था। वह एसएसबी की 66वीं वाहिनी की बीओपी खनुआ पर तैनात था। करीब 10 वर्ष पहले उसकी एसएसबी में नियुक्ति हुई थी। बताया जा रहा है कि जवान की ड्यूटी रात्रि 1:30 बजे से थी, जिसके लिए उसे 30 मिनट पहले बीओपी के भंडार गृह से सर्विस राइफल दिया गया। इसके 10 मिनट बाद उसने राइफल से अपनी ठुड्डी पर गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिवार में माता, पत्नी और दो माह का पुत्र है। एक बड़ा भाई सेना में है। पिता सुरेश राम का पहले ही निधन हो चुका है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। विभाग की ओर से परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी एसएसबी ने किया दौरा
घटना की सूचना पर एसएसबी के डीआईजी दीपक बरनवाल, प्रभारी कमांडेंट अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और विभागीय जांच-पड़ताल में जुटे। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह, सोनौली थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ल और जिले से फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
बड़े भाई की मौत के बाद से थे परेशान
बीओपी पर तैनात अन्य जवानों के मुताबिक, करीब ढाई माह पहले जवान के बड़े भाई की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वह तीन अक्तूबर को छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था। तब से ही वह गुमसुम रहता था। साथी जवानों के अनुसार वह किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था। इसी अवसाद के चलते उसने यह कदम उठाया, ऐसी चर्चा है। हालांकि अधिकारी अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं।
बोले अधिकारीएसएसबी बीओपी खनुआ में तैनात जवान मंजीत कुमार ने राइफल से गोली मारने की सूचना एसएसबी 66 वीं वाहिनी कमांडेंट ने दी। मौके पर पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची। प्रारंभिक विवेचना क्रम में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
– बसंत सिंह, क्षेत्राधिकारी, नौतनवा
बोले अधिकारी
बीओपी खनुआ में जवान द्वारा गोली मारकर जान देने की जानकारी मिली तो मौका मुआयना किया गया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई है। साथी जवानों ने पूछताछ में बताया कि वह अवसाद में चल रहा था, ये आत्महत्या का कारण हो सकता है।
– दीपक बरनवाल, डीआईजी, एसएसबी
बोले अधिकारी
एसएसबी जवान मंजीत की बीओपी खनुआ पर शनिवार की रात में तैनाती थी। शनिवार की आधी रात करीब एक बजे उसे शस्त्रागार से राइफल दिया गया था। करीब आधे घंटे के बाद कैंप परिसर में गोली चलने की आवाज आई। मौके पर जवान पहुंचे तो वह मृत मिला।
– अमित कुमार सिंह, प्रभारी कमांडेंट, एसएसबी 66वीं वाहिनी
