Maharajganj News:बस स्टेशन सूना, शहर से बाहर जाकर बस पकड़ने की मजबूरी – The Roadways Bus Coming From Gorakhpur Is Not Going Beyond Shikarpur
महराजगंज। बीते तीन दिन से शहर में रोडवेज बसों की नो एंट्री के चलते बस स्टेशन सूना पड़ा है। दिल्ली, लखनऊ व गोरखपुर से आ रही बसें शिकारपुर में ही रुक जा रही हैं। शहर से बाहर ही अस्थायी बस स्टैंड बन गया है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गोरखपुर-महराजगंज हाईवे पर धनतेरस के दिन से ही डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी है। गोरखपुर से आने वाली रोडवेज बस शिकारपुर से आगे नहीं जा रही। शिकारपुर से शहर के अंदर आने के लिए यात्रियों को अतिरिक्त 20 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। टेंपो और ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। सामान के साथ सफर करने वाले यात्रियों को और अधिक दिक्कत हो रही है। त्योहार पर घर लौटे लोगों को यह अतिरिक्त खर्च बोझ लग रहा है।
