Mahoba News:छह माह से गांव नहीं पहुंचे सफाईकर्मी, चार निलंबित – Sanitation Workers Have Not Visited The Village For Six Months; Four Have Been Suspended
महोबा। गांवों में साफ-सफाई की जिम्मेदारी संभालने वाले सफाई कर्मचारियों की लापरवाही पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने सख्त कार्रवाई की है। तैनाती क्षेत्र से लगातार अनुपस्थित रहने और निर्धारित स्थल पर काम न करने के आरोप में चार सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
डीपीआरओ चंद्रकिशोर वर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत पनवाड़ी में तैनात सफाईकर्मी कमलेश छह माह से अधिक समय से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित चल रहे थे। इसी तरह ग्राम पंचायत देवगनपुरा में तैनात सफाईकर्मी रतन सिंह भी करीब छह माह से गांव नहीं पहुंचे थे। वह साफ-सफाई का कार्य भी नहीं कर रहे थे। वहीं, ग्राम पंचायत घुटई में तैनात सफाई कर्मचारी तेज खां अपने तैनाती स्थल पर काम करने के बजाय बिना अनुमति मुख्यालय में रह रहे थे। आरोप है कि वह एक अधिकारी की गाड़ी चला रहे थे। इसके अलावा ग्राम पंचायत सौरा में तैनात सफाईकर्मी पंकज परिहार भी अपने तैनाती स्थल से लगातार अनुपस्थित रहने की पुष्टि हुई। इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ ने चारों सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।
