Mahoba News:40 दिन तक दतिया स्टेशन से चलेगी खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस – Khajuraho-udaipur Intercity Express Will Run From Datia Station For 40 Days
महोबा। रेलवे स्टेशन झांसी के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बैलास्ट लेस ट्रैक (बीएलटी) का निर्माण 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक होगा। इससे रेलवे की ओर से ट्रेनों के संचालन में बड़ा बदलाव किया जाएगा। इस स्थिति में खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन 40 दिन तक रेलवे स्टेशन दतिया से होगा।
उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन झांसी पर होने वाला यह निर्माण 40 दिन चलेगा। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक से गुजरने वाली 58 ट्रेनों को अन्य प्लेटफार्म से संचालित किया जाएगा। कुछ ट्रेनों को निरस्त तो कुछ के मार्ग में परिवर्तन किया जाएगा। कुछ ट्रेन आंशिक प्रभावित होंगी तो कुछ री-शेड्यूल करके चलेंगी। खजुराहो से चलकर महोबा के रास्ते राजस्थान के उदयपुर को जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस के संचालन में बदलाव हुआ है।
21 नवंबर से 30 दिसंबर तक खजुराहो-उदयपुर सिटी दतिया से प्रारंभ होगी जबकि 19 नवंबर से 28 दिसंबर तक उदयपुर सिटी-खजुराहो दतिया पर समाप्त होगी। झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर काम पूरा होने के बाद इस ट्रेन का संचालन पूर्व की तरह किया जाएगा। ऐसे में यात्री सफर करने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। ताकि, ट्रेन में यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बच सकें।
यह होता है बैलास्ट लेस ट्रैक
बैलास्ट लेस ट्रैक को स्लैब ट्रैक भी कहते हैं। यह एक ऐसा रेलवे ट्रैक ढांचा है, जिसमें पटरियों के नीचे पारंपरिक रूप से बिछाई जाने वाली गिट्टी (बैलास्ट) व लचीले स्लीपर्स की जगह कंक्रीट या डामर की कठोर संरचना का उपयोग किया जाता है। इसका उपयोग मुख्य रूप से हाई स्पीड ट्रेनों, मेट्रो रेल और अर्बन ट्रैमवे नेटवर्क में किया जाता है।
