करहल। गांव नगला बाग में शनिवार को बिजली चेकिंग अभियान के दौरान विद्युत विभाग की टीम के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। बिजली चोरी का वीडियो बनाने से नाराज ग्रामीण ने टीम के सदस्यों से गालीगलौज करते हुए मोबाइल फोन छीन लिए। अवर अभियंता ने कोतवाली में तहरीर दी है। विद्युत विभाग की टीम गांव नगला बाग में चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान एक ग्रामीण कटिया डालकर बिजली का उपयोग करते मिला। टीम ने इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। आरोप है कि इससे नाराज होकर ग्रामीण ने टीम के साथ गालीगलौज और अभद्रता शुरू कर दी। अवर अभियंता वाजिद अली ने बताया कि टीम के साथ अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा डाली गई है। घटना के संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई है।