शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:कोटली बाजार में अनियमितता पर चार दुकानदारों के चालान – Four Shopkeepers Were Challaned For Irregularities In Kotli Bazaar

November 8, 2026


मीट शॉप में खुले में मिला मांस, जंग लगे हुक पर टांग रहे थे मीट

बिना पंजीकरण चल रही थी स्वीट शॉप, अखबार में लपेटी जा रही थी मिठाई

संवाद न्यूज एजेंसी

मंडी। कोटली बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों पर खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। शनिवार को विभागीय टीम ने बाजार में विभिन्न खाद्य कारोबारियों की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर चार दुकानदारों के चालान किए गए। निरीक्षण में मीट शॉप और स्वीट शॉप में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी होती पाई गई।

मीट शॉप के निरीक्षण के दौरान मांस खुले में रखा मिला। मांस टांगने के लिए हुक जंग लगा हुआ था और दुकान में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी। दुकानदार के पास अनिवार्य लाइसेंस और मेडिकल प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे। मांस पर निर्धारित स्टांप भी नहीं लगी हुई थी। इसके अलावा दुकान के बाहर जीवित पशु बांधा गया था और मृत मांस बिना किसी ढकाव के रखा हुआ था। इस तरह मांस को खुले में रखने से उसके दूषित होने और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने का खतरा बना हुआ था।

वहीं, एक स्वीट शॉप बिना पंजीकरण के संचालित होती पाई गई। दुकान में मिठाइयों को पैक करने के लिए अखबार का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो खाद्य सुरक्षा के लिहाज से अनुचित है। दुकानदार मिठाइयों पर इस्तेमाल किए जा रहे चांदी के वर्क की खरीद का बिल भी निरीक्षण टीम को नहीं दिखा पाया। इसके अलावा दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे। विभाग ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानदारों सहित कुल चार दुकानदारों के चालान किए। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, सुरक्षित पैकेजिंग सामग्री इस्तेमाल करने और जरूरी पंजीकरण व लाइसेंस संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए।उधर, विभागीय सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण अभियान लगातार जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X