शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Mandi News:थनेहड़ा में घरों के पास मौत बनकर झूल रहे हाई-वोल्टेज तार, करंट से बंदर की मौत – In Thanehda, High-voltage Wires Hanging Near Homes Pose A Lethal Threat; A Monkey Dies From Electrocution
मंडी

Mandi News:थनेहड़ा में घरों के पास मौत बनकर झूल रहे हाई-वोल्टेज तार, करंट से बंदर की मौत – In Thanehda, High-voltage Wires Hanging Near Homes Pose A Lethal Threat; A Monkey Dies From Electrocution

November 13, 2026


45 मिनट के लिए बंद रखी बिजली आपूर्ति, बोर्ड को करनी पड़ी मशक्कत

स्थानीय लोगों ने की खंभे को स्थानांतरित करने की उठाई मांग

संवाद न्यूज एजेंसी

मंडी। जिला मुख्यालय मंडी के थनेहड़ा मोहल्ले में घरों के नजदीक से गुजर रहे हाई-वोल्टेज बिजली के तार स्थानीय लोगों और पशु-पक्षियों के लिए खतरा बने हुए हैं। वीरवार सुबह प्राथमिक पाठशाला के समीप 11,000 वोल्ट की बिजली लाइन के खंभे पर फंसकर करंट लगने से एक बंदर की मौत हो गई।

सुबह करीब साढ़े सात बजे बंदर तारों में उलझ गया और करीब 15 मिनट तक तड़पता रहा। स्थानीय निवासी हिमांशु कश्यप ने इसकी सूचना विद्युत बोर्ड को दी। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर करीब 45 मिनट तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद रखी गई। खंभे पर लटके बंदर को देखकर अन्य बंदरों का झुंड भी वहां पहुंच गया। ऐसे में बोर्ड कर्मचारियों को सावधानी बरतते हुए शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब तक क्षेत्र में 100 से अधिक पशु-पक्षी इन तारों की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। घरों के पास से गुजर रहे तारों के कारण करंट जमीन पर उतरने और किसी बड़े मानवीय हादसे का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय निवासी देवी राम, हेमराज, भगत राम, महेंद्र पाल, सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, लीला देवी, सुनीता देवी, सतीश कुमार और अजय कुमार ने जिला प्रशासन व विद्युत बोर्ड से खतरनाक बिजली के खंभे और तारों को तुरंत स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी को रोका जा सके। अधिशासी अभियंता विद्युत मंडल मंडी राजेश का कहना है कि सूचना मिलते ही बोर्ड कर्मियों ने एहतियातन करीब 45 मिनट तक बिजली आपूर्ति बंद करवाई और मृत बंदर को खंभे से बाहर निकलवाया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X