Mathura News:पुलिस से मुठभेड़ में लूट का आरोपी गिरफ्तार – Man Arrested For Robbery In Police Encounter
मथुरा। कोतवाली पुलिस की एनएच-19 पर शनिवार रात एक यूनिवर्सिटी के पास लुटेरों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं टांग में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने घायल के कब्जे से लूट की रकम, बाइक और तमंचा बरामद किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी भूषण वर्मा ने बताया कि 2 नवंबर को केडी मेडिकल कॉलेज के पुल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक व्यक्ति को धक्का देकर उससे 2 लाख 13 हजार 740 रुपये लूट लिए थे। इस मामले में थाना छाता में प्राथमिकी दर्ज है। शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से संस्कृति यूनिवर्सिटी फ्लाईओवर के पास आने वाले हैं। पुलिस ने सर्विलांस और स्वाट टीम के साथ घेराबंदी कर दी। रात करीब 8:45 बजे एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा मौके से भाग निकला। पकड़े गए आरोपी की पहचान राहुल (32) निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है। उसके साथी का नाम शिवकुमार (37) है। तलाशी के दौरान राहुल के कब्जे से 52,500 रुपये, हरियाणा नंबर की बाइक और एक तमंचा, कारतूस बरामद हुए हैं । राहुल का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ मथुरा, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर और अलीगढ़ जनपदों के विभिन्न थानों में 11 प्राथमिकी दर्ज हैं।
