रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मथुरा

Mathura News:वृंदावन की बेटी तनुष्का को दिल्ली हाईकोर्ट से मिली राहत – Relief For Tanushka, A Daughter Of Vrindavan, From The Delhi High Court

November 28, 2026


वृंदावन। बुर्जा गांव निवासी तनुष्का यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। उन्हें कर्मचारी चयन आयोग की दिल्ली पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीआरपीएफ) में सब-इंस्पेक्टर परीक्षा 2025 के पेपर-2 में बैठने की अनुमति दी गई है। यह आदेश 28 नवंबर को होने वाली परीक्षा से ठीक पहले आया है।

तनुष्का ने इस परीक्षा का पेपर-1 (कंप्यूटर आधारित परीक्षा) सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया था। हालांकि, 21 जुलाई को गुरुग्राम में हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा में उन्हें अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया था। यह 100 मीटर की दौड़ भारी बारिश के बीच गीले ट्रैक पर हुई थी। आरोप है कि दौड़ का समय मापने वाली आरएफआईडी प्रणाली ठीक से काम नहीं कर रही थी। इसी आधार पर तनुष्का को 100 मीटर दौड़ में अनुत्तीर्ण बताया गया। बाद में आयोग ने कुछ अन्य अभ्यर्थियों को पेपर-2 में सशर्त बैठने की अनुमति दी थी, लेकिन तनुष्का का नाम उस सूची में शामिल नहीं था।

परीक्षा की तिथि नजदीक होने के कारण तनुष्का के अधिवक्ता मृत्युंजय सारस्वत ने दिल्ली हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की। उन्होंने अदालत के समक्ष शीघ्र सुनवाई का अनुरोध किया। 26 नवंबर को न्यायमूर्ति ज्योति सिंह और न्यायमूर्ति गुरविंदर पाल सिंह की खंडपीठ ने इस मामले पर सुनवाई की। खंडपीठ ने नोटिस जारी करते हुए तनुष्का को पेपर-2 परीक्षा में बैठने का आदेश दिया। इसके बाद तनुष्का को प्रवेश-पत्र भी मिल गया है। न्यायालय के इस निर्णय से तनुष्का के परिजनों में खुशी का माहौल है। बुर्जा गांव और क्षेत्र के लोगों ने भी इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X