Mau News:युवती की हत्या के प्रयास में दोषी को 10 साल की सजा, 55 हजार जुर्माना – Convict Sentenced To 10 Years In Prison And Fined 55,000 For Attempted Murder Of A Young Woman
मऊ। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट एक बाकर शमीम रिजवी ने हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपी निलेश गौतम को सुनवाई के बाद दोषी पाया। साथ ही उसे 10 वर्ष की सजा के साथ ही कुल 55 हजार रुपये जुर्माना लगाया। इसे न देने पर छह महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। वहीं जुर्माना जमा हो जाने पर संपूर्ण धनराशि पीड़िता रितु कुमारी उर्फ पद्मावती को देने का आदेश दिया।
मामला मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बरामदपुर महिला डिग्री कॉलेज के पास का है। अभियोजन के अनुसार कोठिया गांव निवासिनी गीता देवी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज हुई। वादिनी ने बताया कि उनकी बेटी रितु कुमारी आरोपी घोसी कोतवाली क्षेत्र के टेसूपार निवासी निलेश गौतम से बातचीत करती थी। इस संबंध में सुलह हो गई।
9 दिसंबर 2024 को निलेश ने उनकी बेटी रितु कुमारी को बरामदपुर महिला डिग्री कॉलेज के पास धारदार हथियार से चेहरे के दोनों तरफ, सीने, पीठ पर और दोनों हाथ में जान से मारने की नीयत से कई जगह हमला कर दिया। पुलिस ने मामले की विवेचना कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया। एडीजीसी फौजदारी ने कुल सात गवाहों को पेश कर अभियोजन का पक्ष रखा। बचाव पक्ष से कहा गया कि उसे झूठा फंसाया गया है।
एडीजे ने दोनों पक्षों के तर्कों को सुनने और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद आरोपी निलेश गौतम को हत्या का प्रयास व आयुध अधिनियम के तहत दोषी पाया। दोषी पाए जाने के बाद उसे हत्या का प्रयास के मामले में 10 वर्ष की सजा के साथ ही 50 हजार रुपये अर्थदंड लगाया।
अर्थदंड न देने पर 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। वहीं आयुध अधिनियम के मामले में 2 वर्ष की सजा के साथ ही 5 हजार रुपये अर्थदंड लगाया। अर्थदंड न देने पर एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। संवाद
