शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Mercedes और Porsche को टक्कर देने आ रहा नया लग्जरी कार ब्रांड, कल होगी धमाकेदार एंट्री
ऑटो

Mercedes और Porsche को टक्कर देने आ रहा नया लग्जरी कार ब्रांड, कल होगी धमाकेदार एंट्री

November 12, 2026


Last Updated:

देश के लग्जरी इलेक्ट्रिक कार बाजार में बड़ा धमाका होने वाला है. BYD का प्रीमियम ब्रांड Denza कल यानी 13 नवंबर को भारतीय बाजार में एंट्री करने जा रहा है. कंपनी दो बेहद खास इलेक्ट्रिक गाड़ियां D9 और Z9 GT पेश करेगी. एक तरफ 7-सीटर MPV में शाही आराम मिलेगा, तो दूसरी तरफ 1,140 bhp की पावर वाली इलेक्ट्रिक कार रफ्तार के दीवानों को आकर्षित करेगी. जानिए इनकी संभावित कीमत, रेंज और खास फीचर्स.

ख़बरें फटाफट

Mercedes और Porsche को टक्कर देने आ रहा नया लग्जरी कार ब्रांडZoom

Denza कल यानी 13 नवंबर को इंडियन मार्केट में एंट्री मारेगी.

चीन की दिग्गज इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी BYD अब इंडियन ऑटो मार्केट के अल्ट्रा-लग्जरी सेगमेंट में बड़ा दांव खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है. कंपनी कल यानी 13 नवंबर 2026 को भारत में अपने प्रीमियम सब-ब्रांड Denza को ऑफिशियली लॉन्च करने जा रही है. साल 2010 में BYD और Mercedes-Benz ग्रुप के जॉइंट वेंचर के रूप में शुरू हुआ ये ब्रांड अब पूरी तरह से BYD के स्वामित्व में है.

भारत में इसे BYD की मौजूदा रेंज से ऊपर पोजिशन किया जाएगा और इसकी बिक्री के लिए देशभर में अलग एक्सक्लूसिव शोरूम खोले जाएंगे. इंडियन कस्टमर को लुभाने के लिए Denza अपनी दो दमदार इलेक्ट्रिक गाड़ियां पेश करने जा रही हैं. आइए जानते हैं कि कल यानी 13 नवंबर को एंट्री मारने वाली Denza अपने ग्राहकों को क्या ऑफर कर सकती है.

Denza D9

Denza की पहली पेशकश D9 एक 7-सीटर इलेक्ट्रिक मल्टी-पर्पस व्हीकल (MPV) होगी, जिसे CBU रूट के जरिए भारत लाया जाएगा. इसमें सेकंड रो के पैसेंजर के आराम पर खास ध्यान दिया गया है, जहां हीटिंग, वेंटिलेशन, मसाज फंक्शन और इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट वाली कैप्टन सीट्स व इंडिविजुअल टचस्क्रीन मिलेंगी. इसमें 103.36 kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो सिंगल चार्ज में करीब 520 से 600 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है. इंडियन मार्केट में इसका सीधा मुकाबला MG M9 और Toyota Vellfire जैसी गाड़ियों से होगा.

Denza Z9 GT

दूसरा मॉडल Z9 GT एक बेहद आकर्षक फाइव-डोर शूटिंग ब्रेक इलेक्ट्रिक कार होगी, जो भारत में अपनी तरह की पहली कार बनेगी. परफॉर्मेंस के मामले में ये किसी सुपरकार से कम नहीं है. इसमें 122 kWh की ब्लेड बैटरी और तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स का सेटअप मिलेगा, जो करीब 1,140 bhp की जबरदस्त पावर और 1,210 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. ये कार महज 2.7 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी रेंज लगभग 600 किलोमीटर है. इसमें क्रैब वॉक और एक ही जगह पर 360-डिग्री घूमने जैसे एडवांस फीचर्स भी दिए गए हैं.

संभावित कीमत और फीचर्स

दोनों गाड़ियों में पैनोरमिक सनरूफ, मल्टी-स्क्रीन डैशबोर्ड, प्रीमियम साउंड सिस्टम, इन-बिल्ट रेफ्रिजरेटर और एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे हाई-टेक फीचर्स मिलेंगे. एक्सपेक्टेड प्राइस की बात करें तो Denza D9 की संभावित एक्स-शोरूम कीमत 85 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच रह सकती है. वहीं, हाई-परफॉर्मेंस Denza Z9 GT की कीमत 1.25 करोड़ से 2 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) के आसपास होने की उम्मीद है, जहां ये Porsche Taycan और Audi E-Tron को टक्कर देगी.

authorimg
Ram Mohan MishraSenior Sub Editor

राम मोहन मिश्र डिजिटल मीडिया के ऑटोमोटिव जगत में सक्रिय पत्रकार हैं और 2021 से लगातार ऑटो जर्नलिज्म के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. वर्तमान में वे न्यूज़18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर ऑटो डेस्क संभाल रहे…

और पढ़ें

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X