शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Mirzapur News:शव को ठिकाने लगाने निकला था 17 मामलों का आरोपी – An Accused In 17 Cases Had Set Out To Dispose Of A Body
मिर्ज़ापुर

Mirzapur News:शव को ठिकाने लगाने निकला था 17 मामलों का आरोपी – An Accused In 17 Cases Had Set Out To Dispose Of A Body

November 12, 2026


मिर्जापुर। 12 वर्षीय प्रिंस की हत्या के बाद उसका शव ठिकाने लगाने निकला हत्यारोपी बुधवार सुबह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। विजयपुर से लालगंज जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर वह बाइक समेत कुशियरा जंगल की ओर भागा।

पुलिस ने पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया। पूछताछ में उसने प्रिंस की हत्या कर शव जंगल में छिपाने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बालक का शव बरामद कर लिया।

सेमरी गांव निवासी केशव प्रसाद बिंद मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर घर के पास चाय-पान नाश्ता की दुकान चलाते हैं। उसकी दुकान पर पिंटू उर्फ शैलेंद्र चार-पांच दिन से आता था। परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम चार बजे केशव प्रसाद के इकलौते पुत्र प्रिंस बिंद (12) को पिंटू ने बाइक चलाना सिखाने का लालच दिया और उसे लेकर बिहसड़ा बाजार की ओर चला गया।

प्रिंस का पता न चलने पर परिजनों ने डायल 112 व और विंध्याचल थाने में तहरीर दी। पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। आरोपी ने प्रिंस को छोड़ने के लिए केशव के भांजे आदित्य से 50 लाख रुपये फिरौती की मांग की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर अमित कुमार के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया। सूचना मिली कि आरोपी लालगंज की तरफ से आ रहा है। बुधवार की सुबह पुलिस विजयपुर से लालगंज जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पिंटू लालगंज की तरफ से आता दिखा। रोकने पर बाइक को कुशियरा जंगल की तरफ मोड़ दिया। कुछ दूर गाड़ी छोड़कर जंगल में चला गया। पुलिस के पीछा करने पर उसने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैर में गोली लगी।

आरोपी पिंटू ने पूछताछ में बताया कि उसने रुपये के लिए प्रिंस का अपहरण किया था। अपहरण वाले दिन ही शाम को साढ़े छह बजे कुशियरा जंगल में गला दबाकर प्रिंस की हत्या कर दी थी। बुधवार को शव को छिपाने के लिए जाते समय पकड़ा गया।

उसके पास से तमंचा, दो खोखे, एक कारतूस व बाइक बरामद हुई है। आरोपी से पूछताछ के बाद जंगल से बालक का शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर एसपी ने मौजूद रहकर शव का पोस्टमार्टम कराया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X