Mirzapur News:168 करोड़ की हेराफेरी में अब अधिकारियों पर कसेगा शिकंजा – Officials To Face Tighter Scrutiny Over 168-crore Fraud
मिर्जापुर। सिंचाई विभाग में 168 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी के मामले में अब अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। मामले की जांच करने बृहस्पतिवार को मुख्य अभियंता वाराणसी-सोन सिद्धार्थ कुमार सिंह मिर्जापुर पहुंचे।
उन्होंने एमसीडी कार्यालय में संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की और अलग-अलग डिवीजनों के अधिकारियों के साथ बैठक की। जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके आधार पर अधिकारियों पर कार्रवाई की आशंका है।
महालेखाकार प्रयागराज की टीम वर्ष 2021-22 तक के वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। आरोप है कि एमसीडी, सिरसी, कनहर, नलकूप और लघुडाल खंड में अधिकारियों व लिपिकों की मिलीभगत से वेतन मद में फर्जी भुगतान कर सरकारी धन का बंदरबांट किया गया।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इस खेल में एमसीडी में तैनात लिपिक जितेंद्र कुमार की अहम भूमिका बताई जा रही है।
गिरोह वर्ष 2012 से सक्रिय बताया जा रहा है। अब तक बाबुओं और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है। ऑडिट जारी है और हेराफेरी की रकम बढ़ने की आशंका है। टीम इसी सप्ताह फिर एमसीडी कार्यालय पहुंच सकती है। संवाद
