Mohali News:39.60 लाख की लागत से खरीदी सीवरेज सफाई मशीन, विधायक रंधावा ने दिखाई हरी झंडी – Sewer Cleaning Machine Purchased At A Cost Of Rs 39.60 Lakh; Mla Randhawa Flags It Off
17 वार्डों में सीवरेज सफाई व्यवस्था होगी मजबूत
संवाद न्यूज एजेंसी
लालड़ू। नगर परिषद लालड़ू की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने और शहरवासियों को सीवरेज की समस्या से राहत दिलाने के लिए 39.60 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सीवरेज सफाई मशीन खरीदी गई है। हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने मशीन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह 4000 लीटर क्षमता वाली सक्शन-कम-जेटिंग मशीन है, जिसे महिंद्रा वाहन पर माउंट किया गया है। इससे नगर परिषद के सभी 17 वार्डों में सीवरेज की सफाई और रखरखाव का काम तेजी से किया जा सकेगा। इस मौके पर विधायक रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है। नई मशीन से सीवरेज संबंधी शिकायतों के निपटारे में मदद मिलेगी। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष जोरावर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश मदान, पार्षद और नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे।
