Moradabad News:दिल्ली की रैली में मुरादाबाद से बड़ी संख्या में पहुंचे सपा और कांग्रेस कार्यकर्ता – A Large Number Of Sp And Congress Workers From Moradabad Arrived At The Delhi Rally
मुरादाबाद। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली में शामिल होने के लिए मुरादाबाद से बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पदाधिकारियों ने समर्थकों के साथ दिल्ली कूच किया। दोनों दलों के नेताओं ने बसों और निजी वाहनों से कार्यकर्ताओं को रैली में पहुंचाया। महारैली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और कथित वोट चोरी का मुद्दा उठाया गया।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का दावा किया गया। रैली में विधायक कमाल अख्तर, मोहम्मद फहीम इरफान, नवाब जान और नासिर कुरैशी भी शामिल हुए। सपा नेताओं ने चुनाव आयोग पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने बताया कि वह तीन बसों और 32 कारों से समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंचे। महानगर अध्यक्ष जुनैद इकराम के अनुसार उनके साथ छह बसों और 22 कारों में कार्यकर्ता गए। पूर्व जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद भी एक निजी बस से समर्थकों के साथ रैली में पहुंचे। कांग्रेस पदाधिकारियों के रैली में प्रदर्शन की समीक्षा प्रदेश स्तर पर की जाएगी। पार्टी के प्रदेश नेताओं ने पहले ही इसकी जानकारी दे दी थी। इसी वजह से पदाधिकारी अपने-अपने समर्थकों के साथ अलग-अलग रवाना हुए थे। रैली के बाद सभी वापस लौट आए। इस दौरान अजय सारस्वत सोनी,नदीम उद्दीन कातिब,मुशाहिद चौधरी,हाजी,हाजी कासिम,अजीम उद्दीन, आयुष कौशिक, शहजाद खां आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
