रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुरादाबाद

Moradabad News:रेलवे हरथला कॉलोनी… 30 नवंबर को तय होगा 400 परिवारों का रास्ता – Railway Harthala Colony… The Fate Of 400 Families To Be Decided On November 30

November 27, 2026


– हरथला कॉलोनी में बचे आखिरी रास्ते की भी भर दी गई बुनियाद, तीन कॉलोनियों के लोगों को बंद होने का डर

अमर उजाला ब्यूरो

मुरादाबाद। हरथला कॉलोनी में रेलवे की बाउंड्रीवाल का काम अब तीन कॉलोनियों के करीब 400 परिवारों के लिए चिंता का विषय बन गया है। रेलवे की इंजीनियरिंग टीम 30 नवंबर को मौके पर पहुंचने वाली है। इस दिन यह तय होने की आशंका है कि कॉलोनियों को जोड़ने वाला बचा हुआ रास्ता भी बंद होगा या लोगों को आवागमन के लिए कोई राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों की निगाहें अब रेलवे की टीम के आने पर टिकी हैं। उनका कहना है कि रास्ता बंद हुआ तो रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा।

पटेल नगर, चंद्र नगर और ब्रजधाम कॉलोनी के लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि रेलवे की जमीन को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई के बीच उनके आवागमन का विकल्प क्या होगा। रेलवे की ओर से बाउंड्रीवाल बनाकर रास्ते का बड़ा हिस्सा बंद किया जा चुका है। फिलहाल एक जगह से निकलने का रास्ता बचा है, लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक वहां भी बुनियाद भर दी गई है। इससे उन्हें आशंका है कि 30 नवंबर को यह रास्ता भी बंद किया जा सकता है।

स्थानीय निवासी बताते हैं कि तीनों कॉलोनियों के लिए यह रास्ता केवल आने-जाने का जरिया नहीं, बल्कि स्कूल, बाजार, अस्पताल और धार्मिक स्थलों तक पहुंचने का प्रमुख माध्यम है। रास्ता पूरी तरह बंद होने पर लोगों को करीब दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। गलियों की चौड़ाई लगभग पांच मीटर होने के कारण बड़े वाहनों का प्रवेश भी मुश्किल है। ऐसे में एंबुलेंस और दमकल वाहनों की पहुंच को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

लोगों के कोट्स

रेलवे अपनी जमीन की सुरक्षा करे, इससे किसी को आपत्ति नहीं है। लेकिन कार्रवाई से पहले यह भी देखना चाहिए कि वर्षों से इस रास्ते का इस्तेमाल कर रहे परिवार कहां से निकलेंगे। 30 नवंबर को रास्ता बंद हुआ तो बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की परेशानी कई गुना बढ़ जाएगी।

– राजीव कुमार

अभी तक लोगों को उम्मीद थी कि कम से कम एक रास्ता आवागमन के लिए खुला रहेगा। लेकिन उसकी बुनियाद भर दिए जाने से चिंता बढ़ गई है। रेलवे अधिकारियों को मौके पर आकर आबादी की जरूरत समझनी चाहिए और रास्ते का स्थायी विकल्प तय करना चाहिए।

– राजेंद्र

स्कूल जाने वाले बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को रोज इसी रास्ते से निकलना पड़ता है। रास्ता बंद होने के बाद दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर समय और खर्च दोनों बढ़ाएगा। सबसे ज्यादा परेशानी बारिश, रात और आपात स्थिति में होगी।

– सविता सिंह

गलियां इतनी चौड़ी नहीं हैं कि एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां आसानी से पहुंच सकें। किसी घर में अचानक मरीज की तबीयत बिगड़ने या आग लगने की स्थिति में वाहन बाहर ही रह जाएंगे। रेलवे को 30 नवंबर से पहले इस समस्या का समाधान करना चाहिए।

– चंद्रावती

रेलवे की जमीन पर उसका अधिकार है, लेकिन आसपास रहने वाले परिवारों की आवाजाही भी जरूरी है। बाउंड्रीवाल बनने के बाद अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। 30 नवंबर को इंजीनियरिंग टीम को मौके पर रास्ते की स्थिति देखकर कोई व्यावहारिक समाधान निकालना चाहिए।

– मयूर

वर्जन

रेलवे की संपत्ति को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर की जा रही है। इसी क्रम में रेलवे हरथला कॉलोनी में बाउंड्री वॉल बनाई जा रही है। इस कार्य को इंजीनियरिंग विभाग देख रहा है।

– महेश यादव, सीनियर डीसीएम

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X