Muzaffarnagar News:दुश्वारियों का सफर तय कर बहनों के दर तक पहुंचे भाई – After A Journey Fraught With Hardships, The Brothers Reached Their Sisters’ Doorsteps
मुजफ्फरनगर। भैया दूज पर रोडवेज बस और ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रही। परिवहन निगम की ओर से 30 अतिरिक्त बस चलाई गई। ट्रेनों का सफर भी आसान नहीं रहा। दिल्ली-देहरादून और पानीपत-खटीमा हाईवे पर जाम की स्थिति रही।
मुजफ्फरनगर डिपो से 200 से अधिक बसों का संचालन होता है। जिनमें 165 परिवहन निगम और करीब 39 बस अनुबंधित हैं। परिवहन निगम की ओर से यात्रियों की संख्या बढ़ने के मद्देनजर 30 बस अतिरिक्त चलाई गई थी। बावजूद यात्रियों को मामूली दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दूरस्थ स्थानों के लिए जाने वाली कुछ बसों को स्थानीय रूट पर चलाया गया था।
परिवहन निगम की ओर से सहारनपुर रूट पर पांच बसें बढ़ाकर 15 बसों का संचालन किया गया। इस रूट पर पहले 10 बसें संचालित हो रही थी। हरिद्वार मार्ग पर 10 बसें बढ़ाकर संचालन के लिए उनकी संख्या 25 कर दी गई थी। यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार हरिद्वार से आने वाली रोडवेज डिपो की कुछ बसों को दिल्ली तक भी भेजा गया।
दिल्ली, देहरादून, शामली, बड़ौत, बुढ़ाना, बिजनौर के रूटों पर यात्रियों की खासी भीड़ रही। शामली और चरथावल रोड पर भी यात्रियों की भीड़ रही। दोनों रूट के लिए निजी बसों का भी संचालन जारी रहा।
एआरएम मोहम्मद आरिफ ने बताया कि त्योहार को ध्यान में रखकर अतिरिक्त बसों का संचालन कराया गया।
स्टेशन अधीक्षक पवन चौधरी ने बताया कि भीड़ के बावजूद यात्रियों के लिए ट्रेन से सफर सुविधाजनक रहा। सहारनपुर-दिल्ली, दिल्ली-हरिद्वार, दिल्ली-कालका पैसेंजर सहित सुपरफास्ट एक्सप्रेस एवं अन्य ट्रेन में यात्री बढे।
पीनना, छपार, मीनाक्षी चौक और अस्पताल चौराहा रहा जाम
परिवहन निगम की ओर से संचालित बसों के अलावा यात्रियों ने अपनी सुविधा अनुसार डग्गामार वाहनों से भी यात्रा की। मीनाक्षी चौक से खतौली की ओर जाने के लिए डग्गामारी में चल रहे टेंपो और वैन भी यात्रियों के सफर का बड़ा सहारा बने। इस दौरान सवारी बैठाने के लिए भी मारामारी रही। सुबह के समय मीनाक्षी चौक से थोड़ा आगे ऑटो स्टैंड के पास दिन में कई बार जाम की स्थिति रही। जबकि अस्पताल चौराहा पर भी दोपहर तक बार-बार जाम लगता रहा। शाम के समय सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से पीनना में जाम रहा। छपार में रह-रहकर जाम लगता रहा।
भाइयों को टीका करने कारागार पहुंची बहनें
फोटो
मुजफ्फरनगर। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पर्व जिला कारागार में भावुक माहौल के बीच मनाया गया। अपने भाइयों के माथे पर तिलक करने और उनकी लंबी उम्र की कामना करने के लिए बड़ी संख्या में बहनें जेल पहुंची और भाइयों को तिलक कर मिठाई खिलाई। इस दौरान उन्हें अपराध से दूर रहने की कसम भी दिलाई। बहनों की भीड़ देखते हुए जेल प्रशासन ने आठ शिफ्टों में मुलाकात कराने की व्यवस्था की। जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने बताया कि भाई दूज पर 500 से अधिक बहनों ने अपने भाइयों से मुलाकात की। कोई भी बहन अपने भाई से मुलाकात किए बिना नहीं लौटी। खेड़ी निवासी मायावती ने कहा कि उसका भाई छह माह से जेल में बंद है। वह भाई को तिलक करने आई है। सहावली निवासी सुमन ने कहा कि उसे पूरा विश्वास है कि उसका भाई निर्दोष है, फिर भी उसने भाई को अपराध ने करने की कसम खिलवाई। संवाद

मुजफ्फरनगर स्थित रेलवे स्टेशन पर टिकट खरीदते यात्री। संवाद

मुजफ्फरनगर स्थित रेलवे स्टेशन पर टिकट खरीदते यात्री। संवाद

मुजफ्फरनगर स्थित रेलवे स्टेशन पर टिकट खरीदते यात्री। संवाद

मुजफ्फरनगर स्थित रेलवे स्टेशन पर टिकट खरीदते यात्री। संवाद
