Nepal PM India visit: पहले इनकार अब इकरार… अपनी पहली भारत यात्रा में क्या ‘मांगने’ आ रहे हैं नेपाल के पीएम बालेन शाह?
अपनी पहली भारत यात्रा में क्या ‘मांगने’ आ रहे हैं नेपाल के पीएम बालेन शाह?
Last Updated:
नेपाली पीएम बालेन शाह काठमांडू में भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगाने का फैसला भी ले चुके हैं. वो भारत के ‘अखंड भारत’ नक्शे के खिलाफ ‘ग्रेटर नेपाल’ का नक्शा लगा चुके हैं. पर अब पीएम बनने के बाद वो पहली बार भारत आ रहे हैं. 1700 किलोमीटर से ज्यादा लंबा खुला बॉर्डर दोनों देशों को कई स्तर पर जोड़ता है. आखिर क्यों नेपाली पीएम इनकार करते-करते अब भारत की तरफ उम्मीदों की निगाह से देख रहे हैं.
अपनी पहली भारत यात्रा में क्या ‘मांगने’ आ रहे हैं नेपाल के पीएम बालेन शाह?
नेपाल में हुई GEN-Z क्रांति और भयानक विद्रोह के बाद लोगों ने युवा नेता बालेन शाह को अपना नेता चुना और उन्हें अपना नया प्रधानमंत्री बनाया. पीएम बनने के बाद पहले भले ही बलेंद्र शाह भारत को लेकर तिरछी निगाहें रख रहे थे, लेकिन अब वो 22 नवंबर 2026 से तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत आ रहे हैं. मार्च 2026 में पद संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी. नेपाल और भारत के बीच यूं तो कई मुद्दे अहम हैं, पर नेपाली पीएम की इस समय पहली जरूरी है पैसा.
क्यों इतनी अहम है ये यात्रा?
‘द काठमांडु पोस्ट’ की खबर के अनुसार ‘यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब नेपाल बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण के लिए भारत से आर्थिक मदद मांग रहा है.’ लेकिन भारत के लिए ‘नेपाल में बढ़ती चीनी दखलअंदाजी’ एक बड़ा मुद्दा है. भारत और नेपाल के बीच करीब 1751 किलोमीटर लंबा खुला बॉर्डर है. ऐसे में सुरक्षा और मैनेजमेंट के लिए भारत और नेपाल का साथ और खुशहाल रहना जरूरी है. लेकिन नेपाल की सीमा चीन से भी लगती है. चीन लगातार नेपाल में सड़क, रेल और दूसरी बुनियादी सेवाओं से जुड़े प्रोजेक्ट्स चला रहा है. चीन का ये बढ़ता इनवेस्टमेंट भारत के लिए सिरदर्द बन सकता है.
नेपाल भारत से क्या-क्या चाहता है?
‘द काठमांडु पोस्ट’ ने नेपाल के नजरिए को साफ करते हुए वो 5 अहम मुद्दे बताए हैं, जिसे लेकर बालेन शाह भारत आने वाले हैं. इनमें सबसे पहली उम्मीद होगी 2 अरब डॉलर की आर्थिक सहायता. नेपाल ने 26 अगस्त को रसुवा-भोटेकोशी कॉरिडोर में आई बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और राहत कार्यों के लिए भारत के सामने औपचारिक रूप से 2 अरब डॉलर की मदद का प्रस्ताव रखा है. इसमें 1 अरब डॉलर रियायती ब्याज दर पर कर्ज, 50 करोड़ डॉलर अनुदान यानी ग्रांट और पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास के लिए 50 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त राशि शामिल है. इस आखिरी राशि के भी अनुदान होने की संभावना है.
नेपाल में फिर दरका पहाड़. (सांकेतिक तस्वीर-रॉयटर्स)
भारत से हवाई रास्ते चाहता है नेपाल
नेपाल 2014 से भारत से एस्स्ट्रा हवाई प्रवेश मार्ग (Air Entry Routes) देने की मांग कर रहा है. इसका उद्देश्य भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंटरनेशनल फ्लाइट्स आसानी से उड़ान भर सकें. अभी हवाई मार्ग नहीं होने के कारण दोनों हवाई अड्डों का संचालन प्रभावित हुआ है. अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस भी यहां अपनी उड़ानें शुरू करने से हिचकिचाती हैं.
कालापानी-लिम्पियाधुरा के लिए क्यों बिगड़े नेपाल-भारत रिश्ते?
दोनों देशों के बीच ये विवाद सबसे अहम और चर्चा में रहने वाला है. कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को लेकर दोनों देशों के बीच विवाद पुराना है. मई 2020 में नेपाल ने नया राजनीतिक नक्शा जारी किया था, जिसमें इन इलाकों को अपने क्षेत्र में दिखाया गया. भारत ने इस दावे को खारिज किया था. बालेन शाह जब काठमांडू के मेयर थे, तब भारत की ओर से नया नक्शा जारी किया गया. भारत के अखंड भारत नक्शे में लिम्पियाधुरा और कालापानी जैसे विवादित क्षेत्रों को भी दिखाया गया था. इसी के विरोध में बालेन शाह ने अपने कार्यालय में ग्रेटर नेपाल का नक्शा लगवाया था. इससे पहले नेपाली पीएम काठमांडू में भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगाने का फैसला भी ले चुके हैं. इस साल मई में उन्होंने कहा था कि जिस तरह भारत ने नेपाल की जमीन पर अतिक्रमण किया है, उसी तरह नेपाल ने भी भारत की जमीन पर अतिक्रमण किया है.
नेपाल के लिए सीमा विवाद काफी अहम है, लेकिन विदेश सचिव विक्रम मिसरी की काठमांडू यात्रा के दौरान इस मुद्दे पर बातचीत नहीं हुई. अब इस मुद्दे पर क्या कोई चर्चा होती है या इसका कोई हल निकलेगा, ये देखना होगा.
कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को लेकर दोनों देशों के बीच विवाद पुराना है. (Image- Canva)

दीपिका शर्मा पिछले 7 सालों से News18 Hindi से जुड़ी हुई हैं और इन दिनों ‘नॉलेज’ सेक्शन के लिए देश-दुनिया की खबरों पर डिटेल और लॉन्ग-रीड आर्टिकल्स लिखने में माहिर हैं. इतिहास के पन्नों …
और पढ़ें
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login
