Noida News:चार घंटे में रकम तीन गुना करने का झांसा देकर 17.39 लाख ठगे – Rs 17.39 Lakh Swindled By Promising To Triple The Amount In Four Hours
व्हाट्सएप पर निवेश का ऑफर देकर जाल में फंसाया, तीन बार में अलग-अलग खातों में कराए रुपये ट्रांसफर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ऑनलाइन निवेश के नाम पर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने की चाह एक युवक को भारी पड़ गई। साइबर ठगों ने व्हाट्सएप के जरिये संपर्क कर चार से 24 घंटे में निवेश की रकम दोगुनी और तिगुनी करने का लालच दिया। उनकी बातों में आकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के युवक ने अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी पर तीन बार में 17.39 लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद न तो मूल रकम वापस मिली और न ही मुनाफा। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ग्रेटर नोएडा निवासी एक शख्स ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उन्हें ऑनलाइन निवेश की योजना समझाई थी। ठगों ने निवेश की मूल रकम सुरक्षित रहने की गारंटी भी दी। अधिक मुनाफे की उम्मीद में पीड़ित लगातार रकम ट्रांसफर करते रहे। पीड़ित के अनुसार, ठगी की तीन घटनाओं में कुल 17,39,843 रुपये का नुकसान हुआ। पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने निवेश की रकम और मुनाफा वापस मांगा तो आरोपियों ने अतिरिक्त चार्ज, कमीशन और नुकसान की भरपाई के नाम पर और पैसे जमा करने का दबाव बनाया। एसीपी साइबर विवेक रंजन राय ने बताया कि पुलिस संबंधित मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की पड़ताल कर रही है।
