शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पंचकूला

Panchkula News:शिक्षिका मनीषा की मौत मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट खारिज, दोबारा जांच के आदेश – Cbi Closure Report In Teacher Manisha’s Death Case Rejected; Fresh Investigation Ordered

October 31, 2026


पंचकूला की विशेष अदालत ने परिवार की विरोध याचिका पर लिया फैसला

सुसाइड नोट से लेकर एफएसएल रिपोर्ट तक कई पहलुओं की होगी दोबारा पड़ताल

संवाद न्यूज एजेंसी

पंचकूला। भिवानी की शिक्षिका मनीषा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई को अदालत से झटका लगा है। पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष मजिस्ट्रेट अदालत ने जांच एजेंसी की क्लोजर रिपोर्ट को खारिज कर दिया है। साथ ही मामले में दोबारा जांच करने के आदेश दिए हैं। अदालत के फैसले से मनीषा के परिवार को बड़ी राहत मिली है। परिजनों ने सीबीआई की जांच पर सवाल उठाते हुए क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ विरोध याचिका दायर की थी।

सुनवाई के दौरान परिजनों के वकील ने जांच में कई अहम पहलुओं की अनदेखी किए जाने की दलील दी। उन्होंने सुसाइड नोट की लिखावट, एफएसएल रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियों और मौत के कारणों को लेकर सवाल उठाए। अदालत ने जांच एजेंसी को परिवार की ओर से उठाए गए तथ्यों की दोबारा पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं।

परिजनों के वकील ने मनीषा के लापता होने के बाद की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए। दलील दी गई कि 11 अगस्त 2025 को मनीषा के लापता होने के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई थी। परिवार ने भी उसकी तलाश की थी। जिस इलाके में तलाश की गई, उसका दायरा कुछ मीटर था। वहां आबादी और रास्ता होने के बावजूद किसी को शव दिखाई नहीं दिया। दो दिन बाद 13 अगस्त को मनीषा का शव भिवानी के सिंघानी गांव के पास खेतों में मिला था।

एक नोट की लिखावट मनीषा से मेल नहीं खाती थी,

अदालत में दो सुसाइड नोट का मुद्दा भी उठाया गया। परिजनों का कहना था कि इनमें से एक नोट की लिखावट मनीषा से मेल नहीं खाती थी, जबकि लैब की रिपोर्ट में इसे उसकी लिखावट बताया गया। इसके अलावा हैंडराइटिंग, दवाओं और एम्स दिल्ली की रिपोर्ट की समुचित जांच नहीं होने की दलील दी गई। परिजनों की ओर से एफएसएल रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया कि उसमें जहर खाने की पुष्टि नहीं हुई थी। गर्दन पर मिले निशानों की जांच को लेकर भी सवाल उठाए गए। वकील ने आरोप लगाया कि सीबीआई ने सभी पहलुओं की स्वतंत्र और गहराई से जांच करने के बजाय पुलिस की रिपोर्ट पर भरोसा किया। अब अदालत के आदेश के बाद इन सभी बिंदुओं की दोबारा जांच होगी, ताकि मनीषा की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X